उत्तर प्रदेश के कानपुर महाराजपुर थाना क्षेत्र के रूमा स्थित यूपीएसआईडीसी औद्योगिक क्षेत्र में मंगलवार रात केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। केआईटी कॉलेज के पीछे स्थित निकोलस पिगमेंट्स एंड इंक फैक्ट्री में रात करीब नौ बजे लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। फैक्ट्री से उठती आग की ऊंची लपटें करीब एक किलोमीटर दूर तक दिखाई देने लगीं। अंदर रखे केमिकल और अन्य ज्वलनशील सामग्री की वजह से आग लगातार फैलती रही। इस दौरान फैक्ट्री के भीतर कई धमाके भी हुए, जिससे आसपास के औद्योगिक क्षेत्र में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। शुरुआती दौर में आठ दमकल गाड़ियों को आग बुझाने के लिए लगाया गया, लेकिन आग की भयावहता और फैक्ट्री में मौजूद केमिकल के कारण राहत कार्य में मुश्किलें आईं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिले के सभी फायर स्टेशनों से दमकल वाहन बुलाए गए। देर रात तक करीब 15 दमकल गाड़ियां आग बुझाने में जुटी थीं। आसपास के जनपदों से भी अतिरिक्त दमकल वाहनों को बुलाने की तैयारी की गई।
केमिकल ड्रमों में धमाकों से बढ़ी मुश्किलें
फैक्ट्री के भीतर बड़ी मात्रा में केमिकल का स्टॉक रखा हुआ था। आग की चपेट में आने से केमिकल के ड्रमों में लगातार धमाके होने लगे। तेज आवाज के साथ उठती लपटों और धुएं के गुबार ने स्थिति को और गंभीर बना दिया। आग की तपिश इतनी अधिक थी कि दमकलकर्मियों को शुरुआत में फैक्ट्री के भीतर प्रवेश करने में कठिनाई हुई। फायर ब्रिगेड की टीमें बाहर से ही पानी की बौछार कर आग को फैलने से रोकने का प्रयास करती रहीं।
आसपास की फैक्ट्रियां खाली कराईं, कर्मचारियों को सुरक्षित स्थान पर भेजा
आग के तेजी से फैलने और केमिकल से निकलने वाली जहरीली गैस की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए। आसपास की फैक्ट्रियों में काम कर रहे कर्मचारियों को तत्काल बाहर निकलवाया गया। जानकारी के मुताबिक, औद्योगिक क्षेत्र की दो से तीन दर्जन फैक्ट्रियों में कामकाज बंद कराया गया। आसपास के लोगों को भी घटनास्थल से दूर रहने की हिदायत दी गई। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी और दमकल वाहनों के आवागमन के लिए रास्ता खाली कराया।
जहरीली गैस और तेज गंध से बचाव में जुटे दमकलकर्मी
फैक्ट्री में मौजूद केमिकल के कारण आग बुझाने के दौरान तेज रासायनिक गंध फैलने लगी। स्थिति को देखते हुए अधिकारियों ने घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों को करीब 100 मीटर दूर कर दिया। दमकलकर्मियों और पुलिसकर्मियों ने मास्क तथा कपड़े से मुंह ढककर राहत कार्य जारी रखा। आग की गंभीरता को देखते हुए पीएसी की एक प्लाटून भी मौके पर तैनात की गई। पुलिस और पीएसी के जवानों ने सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए आम लोगों की आवाजाही रोक दी।
दो घंटे से अधिक मशक्कत के बाद फैक्ट्री के अंदर पहुंची दमकल टीम
आग लगने के बाद दमकलकर्मियों को फैक्ट्री के बाहरी हिस्से में ही काफी देर तक मशक्कत करनी पड़ी। रात करीब 11:20 बजे गेट के आसपास की आग पर नियंत्रण पाने के बाद टीम फैक्ट्री के अंदर प्रवेश कर सकी। इसके बाद छतों पर पहुंचकर पानी की बौछार की गई। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद दमकल विभाग की टीम ने लगभग 80 प्रतिशत आग पर काबू पाने की जानकारी दी। हालांकि, फैक्ट्री के अंदरूनी हिस्सों में आग बुझाने का अभियान जारी रहा।
शिफ्ट खत्म होने के चार घंटे बाद लगी आग
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, फैक्ट्री की मालिक अनुराधा त्यागी हैं। यहां करीब 10 से 12 कर्मचारी काम करते हैं। फैक्ट्री में सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक कामकाज होता है। मंगलवार को भी शिफ्ट पूरी होने के बाद कर्मचारी अपने घर चले गए थे। इसके करीब चार घंटे बाद रात नौ बजे फैक्ट्री में आग लग गई। राहत की बात यह रही कि घटना के समय फैक्ट्री में कर्मचारी मौजूद नहीं थे। शुरुआती जानकारी में किसी जनहानि की सूचना नहीं मिली।
अधिकारियों ने संभाली कमान, आग लगने के कारणों की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही एसीपी चकेरी आशुतोष सिंह और मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों की निगरानी में दमकल की टीमें आग बुझाने में जुटी रहीं। पीएसी की तैनाती के साथ आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। फिलहाल आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। फैक्ट्री में केमिकल और अन्य सामान जलने से हुए नुकसान का आकलन भी आग पूरी तरह बुझने के बाद किया जाएगा। अग्निशमन विभाग और पुलिस की जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।
