brijesh patak

Bareilly News: डिप्टी सीएम आज बरेली में, जिला अस्पताल का करेंगे औचक निरीक्षण, शहर में ट्रैफिक डायवर्जन लागू

# ##
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक आज बुधवार को बरेली के दौरे पर रहेंगे। उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य महकमा पूरी तरह अलर्ट पर है। स्वास्थ्य मंत्री के निरीक्षण के मद्देनजर जिला अस्पताल में परिसर से लेकर वार्डों तक साफ-सफाई और रंग-रोगन कराकर व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया गया है।
दोपहर 12:05 बजे पहुंचेंगे बरेली, 2:15 बजे लखनऊ रवाना

प्रशासनिक कार्यक्रम के अनुसार, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक सुबह 11:35 बजे गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट से उड़ान भरेंगे और दोपहर 12:05 बजे बरेली (त्रिशूल) एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वह दोपहर 12:10 बजे रिठौरा के पिपरिया राम दयाल स्थित जेपी भार्गवी इंडस्ट्रीज की नई प्लाईवुड फैक्ट्री का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद दोपहर 12:40 बजे कार से रवाना होकर ठीक 1:00 बजे बरेली जिला अस्पताल पहुंचेंगे, जहां वह स्वास्थ्य सुविधाओं का औचक निरीक्षण करने के साथ ही स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे।

बार एसोसिएशन के कार्यक्रम में भी होंगे शामिल

जिला अस्पताल के निरीक्षण के बाद उपमुख्यमंत्री दोपहर 1:30 बजे कैंट स्थित युगवीणा लॉन पहुंचेंगे। यहां वह बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल द्विवेदी के कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। सभी कार्यक्रमों के समापन के पश्चात वह दोपहर 2:15 बजे त्रिशूल एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे।

पुराना बस स्टैंड आज बंद, आठ रास्तों पर भारी वाहनों की नो-एंट्री

डिप्टी सीएम के दौरे के चलते बरेली ट्रैफिक पुलिस ने आज सुबह 7:00 बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव लागू किया है। सुरक्षा और सुगम यातायात के लिए नॉवेल्टी स्थित पुराने रोडवेज बस स्टैंड से बसों का संचालन अस्थायी रूप से पूरी तरह बंद कर दिया गया है और सभी रूटों की बसें आज सेटेलाइट बस स्टैंड से संचालित की जा रही हैं। इसके साथ ही परसाखेड़ा रोड समेत शहर के आठ प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध (नो-एंट्री) लगा दिया गया है।