चौदह कोसी और पंचकोसी परिक्रमा मेले में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास ने रामलला के दर्शन का समय एक घंटे बढ़ा दिया है। अब श्रद्धालु रात 11 बजे तक रामलला के दर्शन कर सकेंगे। यह नई व्यवस्था 18 से 22 नवंबर तक लागू रहेगी। श्रद्धालुओं को सुगम और सुलभ दर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दर्शन अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के इस निर्णय के तहत पहले की तरह रात 8:45 बजे भोग और सायंकालीन आरती के लिए दर्शन रोक दिए जाएंगे। आरती संपन्न होने पर रात 9:30 बजे से दोबारा मुख्य द्वार से श्रद्धालुओं का प्रवेश शुरू होगा, जो रात 11 बजे तक जारी रहेगा। पहले रात 8:45 बजे ही दर्शन के लिए प्रवेश बंद कर दिया जाता था।मुख्य कार्यकारी अधिकारी जितेंद्र मिश्र ने इस संबंध में प्रमुख पदाधिकारियों और पुलिस अधीक्षक (सुरक्षा) को जानकारी दे दी है, जिससे कि नई व्यवस्था के अनुरूप दर्शन और सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए जा सकें।
