शेयर बाजार में लौटी तेजी, सेंसेक्स 414 अंक उछला; निफ्टी 25,252 के पार

# ## Business

मुंबई। घरेलू शेयर बाजार में पिछले कारोबारी सत्र की गिरावट के बाद सोमवार को तेजी लौट आई। विदेशी निवेशकों की लगातार खरीदारी और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों बढ़त के साथ खुले। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 414.36 अंक चढ़कर 82,010.15 अंक पर पहुंच गया। वहीं, एनएसई निफ्टी 102.10 अंक की बढ़त के साथ 25,252.50 अंक पर कारोबार करता दिखा।

एयरटेल, टाइटन और एसबीआई के शेयरों में तेजी

सेंसेक्स की 30 कंपनियों में भारती एयरटेल, एशियन पेंट्स, इटर्नल, टाइटन, कोटक महिंद्रा बैंक और भारतीय स्टेट बैंक के शेयरों में सबसे ज्यादा बढ़त दर्ज की गई। दूसरी ओर टाटा स्टील, पावर ग्रिड, एनटीपीसी और इंटरग्लोब एविएशन के शेयर गिरावट में रहे।

एशियाई बाजारों में मिला-जुला रुख

एशियाई बाजारों में सोमवार को कारोबार के दौरान मिला-जुला रुख रहा। दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225 और चीन का एसएसई कंपोजिट गिरावट में कारोबार कर रहे थे। वहीं, हांगकांग का हैंगसेंग सूचकांक बढ़त में रहा। इससे पहले शुक्रवार को अमेरिकी शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुए थे।

विदेशी निवेशकों ने खरीदे 5,736 करोड़ रुपये के शेयर

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 5,736.55 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे। विदेशी पूंजी का यह प्रवाह घरेलू बाजार के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।

इस बीच अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट कच्चे तेल की कीमत 0.88 प्रतिशत गिरकर 95 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई। इससे भी घरेलू बाजार को सहारा मिला। गौरतलब है कि शुक्रवार को सेंसेक्स 318.56 अंक और निफ्टी 155.05 अंक की गिरावट के साथ बंद हुए थे।