कुंडा के बेंती राजभवन परेड ग्राउंड में आगामी 17 से 20 नवंबर तक होने वाली श्रीराम कथा को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। भगवान श्रीराम की कथा सुनने के लिए पाकिस्तान से भारत आए 500 हिंदू शरणार्थी भी शामिल होंगे। राजा भैया द्वारा इसकी पुष्टि करने के बाद लोगों में उत्सुकता बढ़ गई है।
कुंडा विधायक और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भैया’ द्वारा कुंडा के बेंती राजभवन के परेड ग्राउंड में 17 से 20 नवंबर तक भव्य सनातनी उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री अपने श्रीमुख से श्रीराम कथा का वाचन करेंगे।पाकिस्तानी हिंदू शरणार्थियों को इस दिव्य श्रीराम कथा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। हालांकि ऐसा पहली बार नहीं हो रहा है। पूर्व मंत्री रघुराज प्रताप सिंह का इन हिंदू शरणार्थियों के साथ पुराना जुड़ाव रहा है। वर्ष 2024 में उन्होंने राजस्थान के जोधपुर स्थित पाकिस्तानी हिंदू शरणार्थी शिविर का दौरा कर शरणार्थी परिवारों से मुलाकात की थी और उन्हें आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई थी।
इसके अलावा, उन्होंने दिल्ली के मजनू का टीला क्षेत्र में रह रहे पाकिस्तानी हिंदू शरणार्थियों की भी आर्थिक और मानवीय सहायता की थी। बीते दिनों पाकिस्तानी हिंदू शरणार्थी बच्चों ने राजा भैया के जन्मदिन पर केक काटकर खुशी मनाते हुए शुभकामनाएं दी थी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। बेंती राजभवन के परेड ग्राउंड परिसर में 17 से 20 नवंबर तक होने वाले धार्मिक अनुष्ठान को लेकर प्रशासनिक स्तर पर भी सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क है।
हिंदू शरणार्थियों के लिए बन रही टेंट सिटी, प्रमुख तीर्थों के दर्शन की भी व्यवस्था
बेंती में कथा स्थल पर राजस्थान के जोधपुर से आने वाले हिंदू शरणार्थियों के ठहरने का विशेष प्रबंध किया गया है। इस संबंध में राजा भैया ने बताया कि हिंदू शरणार्थियों की सुविधा के लिए कथा स्थल के समीप ही टेंट लगाए जा रहे हैं। इसके साथ ही, कथा के दौरान सभी शरणार्थियों को प्रयागराज के संगम घाट,अयोध्या धाम और काशी विश्वनाथ धाम सहित तीर्थों के दर्शन भी कराए जाएंगे। इसके लिए 10 बसों की व्यवस्था की गई है। उन्हें वीडियो जारी कर लोगों को श्रीराम कथा में शामिल होंने के लिए सपरिवार आमंत्रित किया है।
बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर की श्रीराम कथा में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
बेंती राजभवन के परेड ग्राउंड में 17 नवंबर से शुरू हो रही बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की तीन दिवसीय रामकथा और दिव्य दरबार की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सियासी विरोध के मद्देनजर पुलिस प्रशासन और आयोजकों ने सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हैं। पूरे परिसर की निगरानी 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों से होगी, जिनमें से 64 कैमरे केवल मंच और कथा स्थल पर लगाए गए हैं।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 12 पार्किंग स्थल, किलहनापुर व हौदेश्वरनाथ मार्ग से रूटचार्ट और पंडाल के पीछे हेलीपैड तैयार किया गया है। मुख्य पंडाल (560×100 फीट) के साथ 20 सार्वजनिक स्थानों पर 43 इंच की एलईडी स्क्रीन भी लगेंगी। यहां 20 से 25 हजार श्रद्धालुओं के रुकने और चारों दिन 24 घंटे निरंतर भंडारे व नाश्ते की व्यवस्था की गई है। आयोजन में योगगुरु बाबा रामदेव और सतुआ बाबा सहित कई प्रमुख संत शामिल होंगे। इसके अलावा हैदराबाद के विधायक टी. राजा व अन्य राज्यों के कई मंत्री और नेता भी कथा में शिरकत करेंगे।
