करीना कपूर के 30 कैरेट के शाही पेंडेंट पर बवाल : कांग्रेस नेता ने भेजा लीगल नोटिस, पहले भी कई बार विवादों में घिर चुकी हैं बेबो

# ## National

मुंबई। बॉलीवुड की बेबो यानी करीना कपूर खान एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह उनकी कोई फिल्म या बयान नहीं, बल्कि उनका शाही अंदाज और एक बेशकीमती पेंडेंट है। दरअसल, अभिनेत्री ने दीपावली के शुभ अवसर पर शाही लुक अपनाया था, जिसमें उन्होंने 200 साल पुराना एक बेशकीमती पेंडेंट (30 कैरेट का पन्ना जड़ा हार) पहना था, जिस पर कुरान की आयतें लिखी हैं।

कांग्रेस नेता अब्बास हफीज ने उन्हें कानूनी नोटिस भेजा है और मुस्लिम समुदाय से माफी मांगने की मांग की है। अब्बास हफीज का कहना है कि कुरान की आयत वाले धार्मिक आभूषण को फैशन एक्सेसरी के तौर पर पहनना और प्रदर्शित करना मुस्लिम समुदाय की धार्मिक भावनाओं को आहत करता है। उन्होंने सोशल मीडिया से संबंधित तस्वीरें और वीडियो हटाने तथा सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।

उन्होंने मीडिया से बातचीत में बयान जारी करते हुए कहा, “हमें इस बात से आपत्ति है कि भोपाल की बेगम का पेंडेंट इस्लामिक हैरिटेज से जुड़ा रहा है। इस पर कुरान की आयतें लिखी हैं, जिसे ‘आयत-उल-कुर्सी’ कहते हैं। हमारे लिए यह बहुत पवित्र होती है और हम लोग उसे बिना वुजू (पवित्रता) के नहीं छूते हैं।”

30 कैरेट के पेंडेंट ने बढ़ाई बेबो की मुश्किलें

अब्बास हफीज ने साफ किया कि उन्हें अभिनेत्री करीना के पहनावे से कोई आपत्ति नहीं है। उन्होंने कहा, “हमें किसी के पहनावे से कोई आपत्ति नहीं है और न ही ये कोई विवाद है बल्कि हमें इससे आपत्ति है कि अभिनेत्री करीना कपूर खान दीपावली पर यह पेंडेंट पहनकर फ्लॉन्ट कर रही हैं। देखिए, ये भोपाल का तारीखी पेंडेंट है, जो इस्लाम में हैरिटेज से जुड़ा है। इसको फैशन परेड के लिए इस्तेमाल नहीं किया जा सकता है।”

उन्होंने कहा, “उन्होंने अपने लुक पर कलगी लगाई है, हमने उस पर कोई आपत्ति नहीं जताई है लेकिन पेंडेंट पर कुरान की आयत है। उसको लिबाज में, पहनना सही नहीं है। भोपाल की बेगम पर्दे में रहती थी और इस पेंडेंट को आस्था के लिए बनाया गया था।”

करीना या उनकी टीम की ओर से नहीं आया जवाब

इस पूरे मामले पर अभी तक करीना कपूर खान या उनकी टीम की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में अब सबकी नजर इस बात पर है कि बेबो इस कानूनी नोटिस पर क्या रुख अपनाती हैं।

पहले भी कई बार विवादों में घिर चुकी हैं करीना कपूर

अभिनेत्री करीना कपूर खान का फिल्मी सफर जितना शानदार  रहा है, उतनी ही उनकी यात्रा सुर्खियों और विवादों से भी घिरी रही हैं। उन्होंने अपने बिंदास अंदाज और बयानों से कई बार अनजाने में ही बड़े बवंडर खड़े किए हैं। कई बार ऐसा हुआ जब उनका एक साधारण सा बयान, लुक्स या फिर सिर्फ उनका अंदाज भारी विवादों में जुड़ जाता है।

2009: फिल्म ‘कुर्बान’ के पोस्टर पर हुआ विवाद

साल 2009 में करीना कपूर और सैफ अली खान की फिल्म ‘कुर्बान’ के एक पोस्टर को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। पोस्टर में करीना के बोल्ड अंदाज पर शिवसेना और कुछ हिंदू संगठनों ने आपत्ति जताई थी। विरोध के दौरान प्रदर्शनकारियों ने करीना को साड़ी भेंट करने की बात कही थी। हालांकि, करीना ने पोस्टर का बचाव करते हुए इसे फिल्म की कहानी और भावनाओं से जुड़ा बताया था।

2012: ताज होटल में सैफ अली खान से जुड़ा विवाद

साल 2012 में मुंबई के ताज होटल के वासाबी रेस्टोरेंट में सैफ अली खान और दक्षिण अफ्रीका के एनआरआई कारोबारी इकबाल मीर शर्मा के बीच कहासुनी हुई थी। मामला इतना बढ़ा कि सैफ पर मारपीट का आरोप लगा और पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया। इस घटना के दौरान करीना और उनकी बहन करिश्मा भी वहां मौजूद थीं।

2015: मॉर्फ्ड तस्वीर को लेकर मचा हंगामा

जनवरी 2015 में एक पत्रिका के कवर पर करीना कपूर की एडिट की गई तस्वीर प्रकाशित हुई थी। तस्वीर में उनके चेहरे का आधा हिस्सा सामान्य और आधा बुर्के में दिखाया गया था। इसके साथ ‘धर्मांतरण से राष्ट्रांतरण’ जैसी पंक्ति लिखी गई थी। यह तस्वीर और उससे जुड़ा अभियान काफी चर्चा में रहा।

2022: अक्षय तृतीया के विज्ञापन में बिंदी न होने पर विवाद

साल 2022 में ज्वैलरी ब्रांड मालाबार गोल्ड एंड डायमंड्स के अक्षय तृतीया विज्ञापन में करीना कपूर के माथे पर बिंदी नहीं दिखी। इस बात को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई। कई यूजर्स ने त्योहार के मौके पर पारंपरिक लुक में बिंदी न होने पर सवाल उठाए।

2026: ओरी के साथ तस्वीरों ने खींचा ध्यान

नवंबर 2026 में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ओरी ने सैफ अली खान और करीना कपूर के साथ कुछ तस्वीरें साझा कीं। उस समय ओरी के सैफ की पूर्व पत्नी अमृता सिंह और उनके बच्चों सारा अली खान व इब्राहिम अली खान के साथ कथित मनमुटाव की चर्चाएं भी चल रही थीं। ऐसे में करीना और सैफ के साथ ओरी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गईं।

2026: अब शाही पेंडेंट को लेकर कानूनी नोटिस

दीपावली पर करीना का रॉयल लुक अब कानूनी विवाद की वजह बन गया है। भोपाल रियासत की विरासत से जुड़ा बताया जा रहा 30 कैरेट पन्ने वाला पेंडेंट चर्चा के केंद्र में है। इस पर ‘आयतुल कुर्सी’ अंकित होने को लेकर कांग्रेस नेता अब्बास हफीज ने करीना और उनकी स्टाइलिस्ट रिया कपूर को नोटिस भेजा है। अब देखना होगा कि यह मामला आगे क्या मोड़ लेता है।