डॉ.राजेश्वर सिंह: सरोजनीनगर को 76 करोड़ से अधिक की विकास सौगात, 107 परियोजनाओं का शिलान्यास-लोकार्पण

Lucknow
  • सरोजनीनगर को 76 करोड़ से अधिक की विकास सौगात, 107 परियोजनाओं का शिलान्यास-लोकार्पण; 10 करोड़ से होगा कांशीराम आवासीय कॉलोनी का कायाकल्प
  • मेधावियों को लैपटॉप व साइकिल देकर किया सम्मानित, महिलाओं के लिए तारा शक्ति सिलाई केंद्रों का लोकार्पण; ‘हर घर राजेश्वर’ अभियान शुरू
  • बच्चों की शिक्षा, युवाओं का भविष्य और प्रत्येक परिवार का सम्मान हमारी प्राथमिकता : डॉ. राजेश्वर सिंह
  • 67.26 करोड़ की 107 विकास परियोजनाओं की सौगात

लखनऊ। सरोजनीनगर में विकास, शिक्षा और सामाजिक सशक्तीकरण को नई गति देते हुए मान्यवर कांशीराम आवासीय योजना, सदरौना स्थित आरएस लॉन में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने 67.26 करोड़ रुपये की लागत वाली लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की 107 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इसके साथ ही 10 करोड़ रुपये की लागत से मान्यवर कांशीराम आवासीय कॉलोनी, सदरौना के व्यापक कायाकल्प की परियोजना का भूमि पूजन कर शुभारंभ किया गया। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और आवासीय क्षेत्रों के पुनर्विकास को गति मिलेगी।

  • 95 प्रतिशत अंक पाने वाले मेधावियों को लैपटॉप, विद्यार्थियों को साइकिल

कार्यक्रम में शिक्षा को प्रोत्साहित करते हुए 95 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले 10 मेधावी छात्र-छात्राओं को डॉ. राजेश्वर सिंह ने लैपटॉप प्रदान कर सम्मानित किया। इसके अलावा विद्यार्थियों को साइकिल वितरित कर उनकी शैक्षिक यात्रा को प्रोत्साहित किया गया। डॉ. सिंह ने कहा कि बच्चों की शिक्षा और उनका उज्ज्वल भविष्य उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरोजनीनगर में अब तक 2,000 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को साइकिल और लैपटॉप देकर सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के प्रत्येक प्राथमिक विद्यालय में झूलों की व्यवस्था की गई है, जिसका लाभ 22 हजार से अधिक बच्चों को मिल रहा है।

  • 180 तारा शक्ति केंद्रों से 2,500 महिलाओं को मिला स्वावलंबन का आधार

महिला सशक्तीकरण की दिशा में तारा शक्ति सिलाई केंद्रों का लोकार्पण किया गया। डॉ. राजेश्वर सिंह ने बताया कि चार तारा शक्ति केंद्रों से शुरू हुआ यह अभियान आज सरोजनीनगर में 180 केंद्रों तक पहुंच चुका है। अब तक 2,500 से अधिक सिलाई मशीनों का वितरण किया गया है। उन्होंने कहा कि यह पहल महिलाओं को केवल सिलाई का साधन उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें स्वरोजगार, सम्मान और आर्थिक आत्मनिर्भरता से जोड़ने का माध्यम है।

  • ‘हर घर राजेश्वर’ अभियान से प्रत्येक परिवार तक पहुंचेगी विकास की जानकारी

कार्यक्रम में ‘हर घर राजेश्वर’ अभियान का भी शुभारंभ किया गया। इसके माध्यम से मतदाता सूचियों के सत्यापन के साथ ही विधानसभा क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों की जानकारी प्रत्येक परिवार तक पहुंचाई जाएगी। डॉ. सिंह ने कहा कि सरोजनीनगर उनके लिए एक परिवार की तरह है और प्रत्येक परिवार के सदस्य का सम्मान एवं खुशहाली उनकी प्राथमिकता है।

  • रामरथ यात्रा से 9 हजार श्रद्धालुओं ने किए रामलला के दर्शन

डॉ. राजेश्वर सिंह ने सामाजिक और सांस्कृतिक पहलों का उल्लेख करते हुए बताया कि रामरथ यात्रा के माध्यम से अब तक 9,000 से अधिक श्रद्धालु अयोध्या धाम पहुंचकर श्रीरामलला के दर्शन कर चुके हैं। खाटू श्याम धाम की यात्रा भी आयोजित की गई और वर्तमान में बिठूर की धार्मिक यात्रा संचालित हो रही है। इन यात्राओं का उद्देश्य क्षेत्रवासियों को धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के निःशुल्क दर्शन का अवसर उपलब्ध कराना है।

  • एयरपोर्ट, मेट्रो और एक्सप्रेसवे से बढ़ रहीं रोजगार की संभावनाएं

सरोजनीनगर की विकास संभावनाओं पर चर्चा करते हुए विधायक ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, मेट्रो और चार एक्सप्रेसवे की कनेक्टिविटी क्षेत्र को विशेष महत्व प्रदान करती है। प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों के साथ बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय और लखनऊ विश्वविद्यालय के कृषि परिसर जैसी शैक्षिक सुविधाएं भी इसे महत्वपूर्ण केंद्र बना रही हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में कानून-व्यवस्था और आधारभूत ढांचे को मजबूती मिली है। सरोजनीनगर में अमेजन एवं फ्लिपकार्ट के लॉजिस्टिक पार्क और लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे से निवेश, व्यापार और रोजगार के नए अवसर विकसित हो रहे हैं।

  • भाजपा पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी रहे मौजूद

कार्यक्रम में भाजपा लखनऊ जिलाध्यक्ष विजय मौर्य, वरिष्ठ भाजपा नेता गंगाराम अम्बेडकर, मंडल अध्यक्ष दल बहादुर सिंह, रविराज लोधी, शुभम पाल, कुंवर राजेन्द्र सिंह ‘राजू’, नीतू यादव, कुंवर राम विलास रावत, श्रवण कुमार रावत, डॉ. अखिलेश सिंह, अरुण कुमार मिश्रा और शिविता गोयल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।