- मदनपुर मास्टर्स बनी फिरोजाबाद बेसिक टीचर्स टी-10 चैंपियनशिप सीजन-2 की विजेता, फाइनल में फिरोजाबाद फाइटर्स को 5 विकेट से हराया
- सुमित यादव बने मैन ऑफ द सीरीज, अजित सिंह को मिला फाइनल का मैन ऑफ द मैच पुरस्कार
फिरोजाबाद। आरडीएम क्रिकेट अकादमी, उसायनी में आयोजित फिरोजाबाद बेसिक टीचर्स टी-10 चैंपियनशिप सीजन-2 का समापन रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ हुआ। खिताबी मुकाबले में मदनपुर मास्टर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फिरोजाबाद फाइटर्स को पांच विकेट से हराकर चैंपियनशिप की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। फिरोजाबाद फाइटर्स उपविजेता रही। पहले बल्लेबाजी करते हुए फिरोजाबाद फाइटर्स ने 10 ओवर में पांच विकेट पर 70 रन बनाए। जवाब में मदनपुर मास्टर्स ने पांच विकेट खोकर 76 रन बनाते हुए जीत दर्ज की। अजित सिंह ने 14 गेंदों पर 22 रन बनाने के साथ एक विकेट भी हासिल किया और फाइनल के मैन ऑफ द मैच चुने गए।
- सुमित यादव बने मैन ऑफ द सीरीज
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के लिए फिरोजाबाद फाइटर्स के सुमित यादव को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार मिला। वहीं मदनपुर मास्टर्स के अजित सिंह सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज चुने गए। फाइनल में उनके हरफनमौला प्रदर्शन की भी सराहना हुई।
- सेमीफाइनल मुकाबलों में भी दिखा रोमांच
पहले सेमीफाइनल में फिरोजाबाद फाइटर्स ने जसराना पैंथर्स को 42 रन से हराया। सुमित यादव ने 24 गेंदों पर नाबाद 59 रन बनाने के साथ दो विकेट भी हासिल किए। दूसरे सेमीफाइनल में मदनपुर मास्टर्स ने टूंडला टाइटंस को छह रन से पराजित किया। अजित सिंह ने तीन विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
- अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ पुरस्कार वितरण
समापन समारोह में मुख्य अतिथि डायट प्राचार्य मुक्क़तेश कुमार एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि निशांत गोला के साथ जिला सूचना अधिकारी नरेंद्र मोहन, जिला श्रम अधिकारी यशवंत यादव तथा बेसिक शिक्षा विभाग के वित्त एवं लेखाधिकारी रविंद्र कुमार भी मौजूद रहे। अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों सहित सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन शिक्षकों में आपसी भाईचारा, अनुशासन, सहयोग और खेल भावना को बढ़ावा देते हैं।
- आयोजन समिति ने सभी का जताया आभार
आयोजन समिति के शिवम अग्रवाल, ऋषि तोमर और हरपाल सिंह ने अतिथियों, अधिकारियों, नौ ब्लॉकों की टीमों, खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त किया। समिति की संरक्षक रीमा यादव ने कहा कि यह प्रतियोगिता फिरोजाबाद बेसिक शिक्षा परिवार की एकता, सहयोग और आपसी सौहार्द का उत्सव रही। सभी के सहयोग से चैंपियनशिप का दूसरा सीजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
