Shravasti News : श्रावस्ती में राष्ट्रीय एकता दिवस की धूम, डीएम अन्नपूर्णा गर्ग ने दिलाई एकता-अखंडता की शपथ

# ## UP

लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर शनिवार को श्रावस्ती में राष्ट्रीय एकता दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को देश की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई।

देशी रियासतों का एकीकरण कर मजबूत की अखंड भारत की नींव

डीएम अन्नपूर्णा गर्ग ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का देश को एकजुट करने में ऐतिहासिक योगदान रहा है। उन्होंने देशी रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत की नींव को मजबूत किया। उनके विचार और आदर्श आज भी राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और विकास के लिए प्रेरणा देते हैं।

इस दौरान एडीएम (न्यायिक) अशोक कुमार और डिप्टी कलेक्टर प्रवीण कुमार ने भी सरदार पटेल के योगदान को याद किया। उन्होंने लोगों से उनके आदर्शों को अपनाने और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

पटेल चौक से ईदगाह तिराहे तक निकली यूनिटी मार्च

राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम के तहत यूनिटी मार्च का आयोजन भी किया गया। पटेल चौक दहाना से शुरू हुई यह मार्च ईदगाह तिराहे तक निकाली गई। जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर मार्च को रवाना किया। यूनिटी मार्च में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों और स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया गया।