हरिद्वार। दीपावली के त्योहारी सीजन में उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों का संचालन चरमराने के आसार हैं। उत्तराखंड परिवहन निगम के कर्मचारियों ने तीन माह से वेतन नहीं मिलने और लंबित मांगों पर कार्रवाई न होने के विरोध में शुक्रवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान किया है। कर्मचारियों के आंदोलन के चलते प्रदेशभर में रोडवेज बसों का संचालन प्रभावित होने की आशंका है। कर्मचारियों के आंदोलन से प्रदेशभर में बसों का संचालन प्रभावित होने की आशंका है। इसका सबसे अधिक असर लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों पर पड़ सकता है।
साढ़े तीन घंटे की वार्ता भी रही बेनतीजा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार को परिवहन निगम की प्रबंध निदेशक रीना जोशी और उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों के बीच करीब साढ़े तीन घंटे तक वार्ता हुई। बैठक में कर्मचारियों ने तीन माह का लंबित वेतन जारी करने, महंगाई भत्ते (डीए) का भुगतान, बोनस देने तथा निगम के बेड़े में नई बसें शामिल करने की मांग प्रमुखता से उठाई। इसके अलावा निजी बसों के कथित अवैध संचालन पर रोक लगाने की मांग भी की गई। हालांकि, लंबी बातचीत के बावजूद मांगों पर सहमति नहीं बन सकी।
मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन
वार्ता विफल होने के बाद उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन के महामंत्री अशोक चौधरी ने अनिश्चितकालीन आंदोलन का ऐलान करते हुए स्पष्ट किया कि मांगों के समाधान तक कर्मचारी पीछे हटने वाले नहीं हैं। उनका कहना है कि तीन महीने से वेतन नहीं मिलने और अन्य लंबित समस्याओं के कारण कर्मचारियों के सामने गंभीर आर्थिक स्थिति पैदा हो गई है।
देहरादून से हल्द्वानी तक बस संचालन प्रभावित होने की आशंका
यूनियन के ऐलान के अनुसार देहरादून, हरिद्वार, हल्द्वानी, टनकपुर समेत प्रदेश के सभी डिपो में बसों का संचालन बंद रहेगा। हड़ताल का सीधा असर आम यात्रियों पर पड़ने की संभावना है। ऐसे में नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और रोजाना रोडवेज बसों से सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है। यात्रियों को वैकल्पिक परिवहन साधनों का सहारा लेना पड़ सकता है।
यात्रा से पहले बस डिपो से लें जानकारी
रोजाना रोडवेज बसों से सफर करने वाले नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और अन्य यात्रियों को वैकल्पिक परिवहन साधनों पर निर्भर रहना पड़ सकता है। ऐसे में यात्रियों को घर से निकलने से पहले संबंधित बस डिपो से संचालन की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।
