उन्नाव में सड़क हादसा: तेज रफ्तार से मजदूर और छात्र सहित पांच लोगों की मौत

# ## Kanpur Zone

जिले के अलग-अलग क्षेत्र में हुए सड़क हादसों में किशोर व अधेड़ सहित 5 लोगों की मौत हो गई। करवा चौथ के दिन हुए हादसे से परिजनों में चीख पुकार मची रही। संबंधित क्षेत्रों की पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू की है।

दही थानाक्षेत्र के मैकुआ खेड़ा गांव निवासी योगेश यादव (30) पुत्र जयकरन ट्रक चालक था। बुधवार देर रात वह ट्रक में सीमेंट लाद कर बीघापुर कोतवाली क्षेत्र के मुरार खेड़ा गांव निवासी साथी चालक सुघड़ के साथ घाटमपुर जा रहा था। अजगैन कोतवाली क्षेत्र के चमरौली मोड़ के पास हाईवे पर ट्रक मंत कुछ तकनीकी खराबी आ गई। योगेश बोनेट खोलकर ट्रक सही करने का प्रयास कर रहा था।

तभी सुघड़ से अचानक स्टार्ट ट्रक में गेयर लग गया। इससे ट्रक का पहिया योगेश के ऊपर से निकल गया। उसकी मौके पर मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे परिजनों में चीख पुकार मच गई। पत्नी अनुराधा व मां माधुरी सहित छोटा भाई महेश बेहाल है। कोतवाल सुरेश सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सुपर्द किया गया है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

पलटे पड़े डंपर में टकराई बाइक, किशोर की मौत 

मौरावां थानाक्षेत्र के मोहद्दीनपुर गांव निवासी मो. हसन (17) पुत्र सहिजाद इंटर की परीक्षा पास कर डी-फार्मा कर रहा था। गुरुवार भोरपहर करीब साढ़े 4 बजे वह उन्नाव जा रहा था। तभी दही थानाक्षेत्र के उन्नाव-पुरवा मार्ग पर गौरा गांव के पास उसकी बाइक में सड़क पर पलटे पड़े डस्ट लदे डंपर से टकरा गई। इसमें वह गंभीर घायल हो गया। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से उसे जिला अस्पताल भेजा।

जहां इलाज शुरू होने के कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।  पिता ने बताया कि हसन कब उसकी बाइक लेकर घर से निकला उन्हें जानकारी नहीं है। वह 2 भाइयों में अहमद से बड़ा था। एक बहन थी जिसकी कोविड काल में मौत हो गई थी। बेटे की मौत से मां हुस्न बानो सहित अन्य परिजन बेहाल हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा है। एसओ ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में किशोर की मौत हुई थी। अस्पताल के डेथ मेमो पर पोस्टमार्टम कराया है।

बाइक की टक्कर से पैदल जा रहे अधेड़ की मौत 

पुरवा कोतवाली अंतर्गत कस्बा के मोहल्ला तोपखाना निवासी प्रकाश (55) नहर के पास झोपड़ी बनाकर पिता छेदीलाल के साथ रहता था। बीती रात करीब 10 बजे वह पैदल घर लौट रहा था। तभी पुरवा-अचलगंज मार्ग स्थित बीएसएनएल टावर के सामने से आई बाइक ने उसे टक्कर मार दी। इसमें प्रकाश व बाइक फिसलने से उसका चालक गंभीर घायल हो गया।

सूचना पर पहुंचे प्रकाश के परिजन उसे सीएचसी लाए। जहां से डॉक्टर ने प्रकाश को जिला अस्पताल भेज दिया। जहां इलाज के दौरान प्रकाश ने दम तोड़ दिया। इस पर परिजन शव लेकर घर लौट आए और अंतिम संस्कार कर दिया। कोतवाली प्रभारी भुवन सिंह मौर्य ने घटना की जानकारी से इंकार किया है।

अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, दो साथी घायल

अजगैन कोतवाली क्षेत्र के हरिचंदपुर निवासी मुकेश लोधी (27) पुत्र स्व. बाबूराम  मजदूरी कर परिवार पालता था। गुरुवार सुबह वह पड़ोसी दोस्त सुजीत पुत्र होरी लाल व दिलीप के साथ निजी अस्पताल में भर्ती दोस्त को देखने लखनऊ के बंथरा जाने को निकला था। तभी कानपुर- लखनऊ हाईवे पर सोहरामऊ थानाक्षेत्र के रसूलपुर चौराहे के पास अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। इसमें गंभीर घायल हुए तीनों लोगों को पुलिस ने जिला अस्पताल भेजा। जहां पहुंचने से पहले मुकेश की मौत हो गई।

वहीं सुजीत व दिलीप की हालत अधिक गंभीर होने से उन्हें कानपुर के  हैलट रेफर किया गया। लेकिन सुजीत को परिजनों ने बंथरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।  मुकेश की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मचा है। वह 2 भाइयों में छोटू से बड़ा था। इसमें पति की मौत से गर्भवती पत्नी सोनम बेहाल है। उसके एक 3 वर्षीय बेटी नैना है। अस्पताल के मेमो पर  पुलिस ने जांच कर पोस्टमार्टम के लिए कार्रवाई शुरू की है।

घर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, मचा कोहराम

फतेहपुर चौरासी क्षेत्र के माढ़ापुर गांव के मजरा भुलभुलिया खेड़ा निवासी ज्ञानेश चंद्र मिश्रा उर्फ पप्पू बेटे अशोक (27) के साथ दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करते हैं। बीती बुधवार रात अशोक करवाचौथ पर बाइक से दिल्ली से गांव लौट रहा था। कानपुर-दिल्ली जीटी रोड स्थित अलीगढ़ शहर के पास उसकी तेज रफ्तार बाइक अचानक आगे चल रही ट्रैक्टर ट्राली के पीछे से टकरा गई।