हिस्ट्रीशीटर अजय ठाकुर की दबंगई! ऑटो चालक पर फायरिंग, स्कॉर्पियो से कुचलने की कोशिश, एफआईआर दर्ज

# ## Kanpur Zone

कानपुर के हनुमंत विहार के जूही कलां में बस्ती में हंगामा करने का विरोध करना ऑटो चालक को भारी पड़ गया। आरोप है कि गैंगस्टर और हिस्ट्रीशीटर अजय ठाकुर ने साथियों के साथ मिलकर चालक पर तमंचे से फायरिंग की। जान बचाकर भागने पर स्कॉर्पियो से ऑटो में टक्कर मारकर कुचलने की कोशिश की।

घटना के बाद भीड़ ने अजय के दो साथियों को पकड़ लिया। पुलिस ने अजय ठाकुर, साहिल उर्फ शेरा और अंकुश नागर के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। उस्मानपुर के नटवनटोला कच्ची बस्ती निवासी गया प्रसाद अपनी रिश्तेदार सुमन देवी का ऑटो चलाते हैं।

उनकी तहरीर के मुताबिक, 25 अक्तूबर की रात करीब साढ़े आठ बजे वह ऑटो लेकर घर लौट रहे थे। घर के पास काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार चार-पांच युवक हंगामा कर रहे थे। स्थानीय लोगों ने विरोध किया तो युवक गालीगलौज करने लगे। गया प्रसाद उन्हें समझाने पहुंचे तो आरोप है कि स्कॉर्पियो से उतरे एक युवक ने खुद को अजय ठाकुर बताते हुए धमकाया और तमंचे से फायरिंग कर दी।

गया प्रसाद जान बचाने के लिए ऑटो लेकर भागने लगे तो आरोप है कि अजय ने स्कॉर्पियो से जोरदार टक्कर मार दी। इससे ऑटो करीब 20 मीटर तक घिसटता चला गया। गया प्रसाद ने ऑटो से कूदकर अपनी जान बचाई। शोर सुनकर बस्ती के लोग जुटे तो स्कॉर्पियो सवार युवकों ने उनसे भी मारपीट की। भीड़ ने दो साथियों को पकड़ा, तीन के खिलाफ मुकदमा

डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर और उसके दो साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। बताते चले कि घायल अजय को इलाज के बाद एनबीडब्ल्यू होने के चलते बर्रा पुलिस ने गिरफ्तार कर उसे जेल भेज दिया था।