शिवा शर्मा मौत केस: जेल में श्रद्धा से मिलने पहुंची दोस्त को पुलिस ने बैरंग लौटाया, मुलाकातियों की लिस्ट खंगाल रही हजरतगंज पुलिस

# ## Lucknow

शिवा शर्मा मौत मामले की आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश उर्फ तनवीर से जेल में मिलने वाले मुलाकातियों पर पुलिस की पैनी नजर है। सुबह खुद को श्रद्धा की करीबी दोस्त बताकर एक महिला मुलाकात करने पहुंची। जेल प्रशासन और पुलिस ने जब उससे मुलाकात की वजह पूछी, तो वह कोई ठोस जवाब नहीं दे सकी। शक होने पर महिला को आरोपी से मिलने से रोक दिया गया, जिस पर वह भड़क गई और हंगामा करने लगी। कोई रास्ता न देख महिला को वापस लौटना पड़ा। हजरतगंज पुलिस जेल में आने वाले हर शख्स का बैकग्राउंड (सिजरा) खंगाल रही है।

मानवाधिकार आयोग ने मांगा निष्पक्ष जांच का जवाब

इस हत्याकांड में उत्तर प्रदेश राज्य मानवाधिकार आयोग ने लखनऊ के पुलिस आयुक्त तरुण गाबा को पत्र भेजकर निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं। दिल्ली के सामाजिक कार्यकर्ता कृष्णा राजपूत की शिकायत पर आयोग ने यह कदम उठाया है। शिकायती पत्र में 9 अक्टूबर को अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर हुई शिवा शर्मा की मौत के मामले पर सवाल उठाए गए थे। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी। आयोग ने निर्देश दिए हैं कि घटना के सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, चिकित्सकीय व पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के आधार पर मामले की तह तक जाया जाए।

आरोपियों को नेपाल सीमा पार कराने वाले आमिर पर शिकंजा

9 अक्टूबर को वारदात के बाद श्रद्धा, रश्मि और दानिश को लखनऊ से सीतापुर के रास्ते रुपईडीहा ले जाकर नेपाल बॉर्डर पार कराने वाले मददगार आमिर की तलाश में हजरतगंज पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस को आमिर के खिलाफ अहम सीसीटीवी फुटेज मिल गए हैं। आमिर के हत्थे चढ़ते ही उसका नाम एफआईआर में शामिल किया जाएगा। इसके अलावा तीन से चार अन्य मददगारों को भी चिह्नित कर उनकी तलाश की जा रही है।

बैंक खातों की मांगी गई डिटेल

हजरतगंज पुलिस ने श्रद्धा, उसकी बहन और तनवीर के बैंक खातों की पूरी जानकारी जुटाने के लिए कई बैंकों को पत्र लिखा है। फरारी के दौरान ही पुलिस ने श्रद्धा के एसबीआई खाते को फ्रीज करा दिया था, जिसमें 6 लाख रुपये जमा थे। इसके अलावा एक अन्य बैंक खाता सहारनपुर पुलिस की मदद से फ्रीज कराया जा चुका है।