मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम ने रविवार की शाम शाहजहांपुर जिले के पुवायां क्षेत्र के तीन युवकों को हिरासत में ले लिया। युवकों को पुवायां कोतवाली ले जाया गया, जहां युवकों से कई घंटे तक पूछताछ होती रही। देर रात मुंबई पुलिस ने कुलदीप की मोबाइल की खरीद की रसीद और अन्य ब्योरा लेने के बाद उसकी मां की सुपुर्दगी में दे दिया गया, जबकि अन्य दोनों युवक पुलिस हिरासत में ही हैं।
सोनीपत जाने की बात कहकर घर से निकले थे युवक
पुवायां कस्बे के कुरगंजा मोहल्ला निवासी कुलदीप, अनिरुद्ध और एक अन्य युवक करीब 20 दिन पहले घर में सोनीपत जाने की बात बता कर गए थे। कुलदीप की मां ने बताया कि कुलदीप, अनिरुद्ध और तीसरा युवक पेंटिंग का काम करते हैं। तीनों लड़के एक सप्ताह पहले ही वापस आए हैं। तब से घर पर ही थे। कुलदीप की मां के अनुसार रविवार रात अचानक पुलिस वाले आए और घरों में मौजूद कुलदीप, अनिरुद्ध और तीसरे युवक को पकड़ ले गए। उन्होंने कुछ बताया नहीं कि वह लड़कों को क्यों लेकर जा रहे हैं।
मोबाइल खरीद की रसीद और अन्य ब्योरा लिया
तीनों युवकों को पुवायां कोतवाली ले जाया गया, जहां प्राइवेट टैक्सी से आए मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम के लोगों ने तीनों युवकों से पूछताछ शुरू की। तब पता लगा कि युवकों से मुंबई में अभिनेता टाइगर श्राॅफ हुए हमले के संबंध में क्राइम ब्रांच की टीम पूछताछ कर रही है। इस मामले में पुवायां क्षेत्र के युवकों के नाम सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर भी चर्चा शुरू हो गई है। कुलदीप निवासी कुरगंजा को क्राइम ब्रांच की टीम ने देर रात पूछताछ के बाद उसकी मां की सुपुर्दगी में दे दिया है। इस दौरान उसके मोबाइल फोन की खरीद की रसीद और अन्य ब्योरा हासिल कर लिया है।
पुलिस ने पूछताछ में सहयोग करने और आवश्यकता होने पर मुंबई बुलाए जाने की हिदायत भी दी है। अन्य दोनों युवकों से देर रात तक पुलिस हिरासत में पूछताछ जारी थी। हालांकि, मामले में उनकी भूमिका क्या है और पूछताछ के दौरान क्या तथ्य सामने आए हैं, इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पुलिस के आला अफसर इस बारे में बात करने से बचते रहे।
