सआदतगंज में सोमवार को गाड़ी खड़ी करने की बात पर दो पड़ोसियों के बीच खूनी जंग हो गई। नौबस्ता के ब्राह्मणी टोला में हुआ यह विवाद इतना बढ़ गया कि पड़ोसी ऋषभ शुक्ला ने आपा खो दिया और पिस्टल से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस गोलीबारी में एक ही परिवार के पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की जान चली गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सोमवार को सड़क पर गाड़ी पार्क करने को लेकर बात बढ़ी और देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले ऋषभ शुक्ला ने घर से असलहा निकाला और ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। सिर में गोली लगने से 65 साल के शिवाजी तिवारी और उनके 55 साल के भाई शिवेंद्र तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई।
इलाज के दौरान बेटे ने भी तोड़ा दम
गोलीबारी में शिवाजी के बेटे सुयश तिवारी के सिर में और शंभू नाम के शख्स के सीने में गोली लगी। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने सुयश को भी मृत घोषित कर दिया। शंभू की हालत फिलहाल काफी नाजुक बनी हुई है।
