लखनऊ में कनेक्टिविटी बेहतर बनाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर परियोजना का विस्तार किया जा रहा है। LDA का किसान पथ से आईआईएम रोड के मध्य आकार ले रहा ग्रीन कॉरिडोर सीधा नैमिष नगर से कनेक्ट होगा। इसके लिए आईआईएम रोड (घैला पुल) से नैमिष नगर के बीच 9.9 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर रूट का काम 53 करोड़ रुपये की लागत से शुरू हो गया है। इसके अंतर्गत 24 मीटर चौड़ी बंधा रोड व लिंक रोड निर्मित की जाएंगी। इससे बड़ी आबादी को सुगम यातायात के लिए मुख्य मार्ग उपलब्ध होगा।
एलडीए उपाध्यक्ष ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए निर्देश
गुरुवार को एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने कार्यों का निरीक्षण किया। इसके बाद ग्राम पलहरी में बने साइट ऑफिस में कार्यों की समीक्षा की। पाया गया कि अभी 16 निविदाओं के माध्यम से सड़क, सीवर, वॉटर लाइन एवं ड्रेनेज आदि के कार्य कराये जा रहे हैं। स्थल निरीक्षण में सभी स्थानों पर विकास कार्य चलते पाया। अधिकारियों को निर्देश दिए कि फेज-1 में आने वाले सभी सेक्टरों में सेक्टोरल रोड का कार्य टेंडर कराकर शुरू करा दें।
बरसात से पहले तैयार होंगी ब्रह्म खंड और भूमि खंड की सड़कें
एलडीए उपाध्यक्ष ने ब्रह्म खंड और भूमि खंड सेक्टर की सड़कों को बरसात से पहले तैयार करने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य बारिश के दौरान लोगों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से बचाना और क्षेत्र में सड़क संपर्क बेहतर बनाना है। इसके साथ ही नैमिष नगर योजना में शामिल गांवों में भी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विकास कार्य कराए जाएंगे। अधिकारियों को सबसे पहले भूमि खंड और ब्रह्म खंड के बीच स्थित ग्राम सैदापुर और कोडरी भौली में विकास कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए गए हैं।
सड़क, सीवर और ड्रेनेज समेत विकसित होंगी बुनियादी सुविधाएं
नैमिष नगर योजना में केवल सड़क निर्माण ही नहीं, बल्कि सीवर लाइन, पानी की पाइपलाइन और जल निकासी व्यवस्था को भी बेहतर बनाया जा रहा है। एलडीए की योजना के तहत सेक्टरों और आसपास के गांवों में बुनियादी ढांचे का विकास किया जाएगा। इन कार्यों के पूरा होने से क्षेत्र में आवागमन के साथ-साथ अन्य नागरिक सुविधाओं को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है। ग्रीन कॉरिडोर से नैमिष नगर की कनेक्टिविटी जुड़ने के बाद स्थानीय लोगों को मुख्य मार्ग तक पहुंचने में सुविधा मिल सकेगी।
निरीक्षण में ये अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण और समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह, एसडीएम संगीता राघव, जोनल अधिकारी अतुल कृष्ण सिंह, अधिशासी अभियंता अजीत कुमार और नीरज कुमार तथा प्रभारी अधिशासी अभियंता विशाल यादव समेत अन्य अधिकारी और अभियंता उपस्थित रहे।
