नाइजीरिया के तट के पास 18 भारतीयों को समुद्री डाकुओं की कैद से छुड़ाया गया

# International National

(www.arya-tv.com) नाइजीरिया के समुद्री तट के पास एक वाणिज्यिक पोत से समुद्री डाकुओं द्वारा तीन दिसंबर को अपहृत किए गए 18 भारतीयों को छुड़ाया गया हैै। यह जानकारी रविवार को नाइजीरिया में भारतीय मिशन ने दी। समुद्री डाकुओं के समूह ने बोन्नी द्वीप के पास हांगकांग के झंडे वाले पोत से भारतीय नागरिकों का अपहरण किया था।

नाइजीरिया में भारतीय मिशन ने ट्वीट किया, ‘नाइजीरियाई नौसेना और पोत परिवहन कंपनी ने तीन दिसंबर को एमटी नेव कॉन्स्टोलेशन से बंधक बनाए गए 18 भारतीय नागरिकों को छुड़ाए जाने की पुष्टि की है। उन्हें सुरक्षित छुड़ाने में योगदान देने वालों का शुक्रिया।’

मिशन ने भारतीयों के अपहरण का मामला नाइजीरियाई सरकार के सामने उठाया था। क्षेत्र में समुद्री गतिविधियों पर नजर रखने वाली वैश्विक एजेंसी ‘एआरएक्स मैरीटाइम’ के अनुसार पोत पर समुद्री डाकुओं ने तीन दिसंबर को कब्जा किया था और 18 भारतीयों समेत 19 लोगों का अपहरण किया था।