यूपी में 17 और 24 अक्टूबर को विशेष कैंप, बूथ पर बनेंगे नए वोटर; BLO करेंगे मदद

# ## UP

 प्रदेश में मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों और पहली बार वोटर बनने वाले युवाओं के लिए 17 और 24 अक्टूबर को विशेष कैंप लगाए जाएंगे। दोनों दिन प्रदेश के सभी जिलों के प्रत्येक मतदेय स्थल पर सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहेंगे। कैंप में मतदाता पंजीकरण के लिए फार्म-6 उपलब्ध कराया जाएगा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने मंगलवार को बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को प्रत्येक बूथ पर कैंप आयोजित कराने और इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे कैंप में पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम जांचें। नाम नहीं होने पर पात्रता के अनुसार फार्म-6 भरकर पंजीकरण कराएं।

फार्म के साथ देने होंगे जरूरी दस्तावेज

मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए पात्र नागरिकों को फार्म-6 के साथ नवीनतम फोटो, जन्मतिथि और पते से संबंधित दस्तावेज देने होंगे। प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क भी बनाई जाएगी, जहां फार्म भरने और पंजीकरण की प्रक्रिया में मदद मिलेगी।

अधिकारियों को निगरानी की जिम्मेदारी

कैंप की जानकारी प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के माध्यम से दी जाएगी। मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों को भी इसकी सूचना दी जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी और संबंधित निर्वाचन अधिकारी कैंपों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे