Bomb Threat : एयर इंडिया फ्लाइट की इंमरजेसी लैडिंग, फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आ रहा विमान जयपुर डायवर्ट

# ## National

जयपुर। फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आ रहे एअर इंडिया के एक यात्री विमान को बुधवार सुबह बम रखे होने की धमकी मिलने के बाद जयपुर डायवर्ट कर दिया गया। उड़ान संख्या AI 2030 की आपात लैंडिंग जयपुर एयरपोर्ट पर कराई गई। इसके बाद विमान को सुरक्षा जांच के लिए आइसोलेशन बे में ले जाया गया। घटना के बाद एयरपोर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं।

बम की धमकी के बाद विमान की आपात लैंडिंग

सूत्रों के मुताबिक, एअर इंडिया का बोइंग 787-9 विमान फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आ रहा था। इसी दौरान बम की धमकी मिलने की सूचना सामने आई, जिसके बाद विमान को जयपुर की ओर डायवर्ट किया गया। जयपुर एयरपोर्ट के अधिकारियों ने बम की धमकी के बाद विमान की आपात लैंडिंग की जानकारी पुलिस को दी। सहायक पुलिस आयुक्त शिव दयाल ने  बताया कि एयरपोर्ट अधिकारियों ने पुलिस को इस संबंध में सूचना दी है। उन्होंने कहा कि मामले में आगे की जानकारी का इंतजार है।

स्क्वाक कोड 7500 दबाने की भी जानकारी

शुरुआती जानकारी का हवाला देते हुए एक सूत्र ने बताया कि विमान जब मुंबई उड़ान सूचना क्षेत्र (FIR) में था, तब पायलट ने स्क्वाक कोड 7500 दबाया था। यह कोड विमान में गैर-कानूनी हस्तक्षेप की स्थिति का संकेत देता है। इसके बाद विमान को जयपुर डायवर्ट किए जाने की जानकारी सामने आई। फिलहाल विमान में सवार यात्रियों की संख्या का पता नहीं चल सका है। एअर इंडिया की ओर से भी आधिकारिक बयान का इंतजार है। सुरक्षा जांच और संबंधित अधिकारियों की जानकारी के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी।

आइसोलेशन बे में विमान की सुरक्षा जांच

विमान के जयपुर पहुंचने के बाद उसे आइसोलेशन बे में खड़ा किया गया, ताकि सुरक्षा एजेंसियां उसकी जांच कर सकें। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सुरक्षाकर्मियों ने विमान की तलाशी ली। हालांकि, जांच में क्या मिला और बम की धमकी कितनी गंभीर थी, इस बारे में तत्काल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई।