रियाद। सऊदी अरब की राजधानी रियाद में हुए हमले के बाद भारतीय दूतावास ने घायलों को लेकर ताजा जानकारी साझा की है। दूतावास के मुताबिक, हमले में घायल हुए भारतीय नागरिकों में से तीन इस समय आईसीयू में भर्ती हैं। हालांकि, तीनों की हालत स्थिर बताई गई है। दो अन्य घायल सामान्य वार्ड में इलाज करा रहे हैं, जबकि बाकी घायलों को अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है।
भारतीय दूतावास के अधिकारियों ने उन सभी अस्पतालों का दौरा किया, जहां हमले में घायल भारतीय नागरिकों को भर्ती कराया गया है। दूतावास ने कहा कि वह स्थानीय प्रशासन और अस्पताल अधिकारियों के लगातार संपर्क में है और घायलों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
दूतावास ने यह भी पुष्टि की कि हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हुई है। दूतावास ने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि वह परिवार के संपर्क में है और पार्थिव शरीर को जल्द भारत भेजने के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
हैदराबाद के मोहम्मद यूसुफ अली की मौत
रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले में हैदराबाद निवासी मोहम्मद यूसुफ अली की जान चली गई। वह हमले में घायल हुए थे और बाद में रियाद के एक अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए यूसुफ अली की मौत की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि यूसुफ अली के एक बेटे की घुटने की सर्जरी चल रही है, जबकि दूसरे बेटे के पैर की तीन उंगलियां काटनी पड़ी हैं।
ओवैसी के अनुसार, यूसुफ अली की पत्नी और बेटी सुरक्षित हैं। उनके साथ मौजूद चाची के सिर में चोट लगी थी, लेकिन अब उनकी हालत खतरे से बाहर है।
ओवैसी ने जयशंकर से मांगी परिवार की मदद
असदुद्दीन ओवैसी ने बताया कि वह रियाद में यूसुफ अली के साले के संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय दूतावास के उप प्रमुख ने परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिया है। ओवैसी ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से भी पीड़ित परिवार की मदद करने का आग्रह किया।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी घटना पर दुख जताते हुए कहा कि रियाद हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत से वह गहरे सदमे में हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भारतीय दूतावास परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगा।
हमले में 12 लोगों की मौत, 300 से ज्यादा घायल
बताया गया है कि किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले में कुल 12 लोगों की मौत हुई, जबकि 300 से अधिक लोग घायल हुए। घायलों में 11 भारतीय नागरिक भी शामिल थे।
प्रारंभिक रिपोर्टों के मुताबिक, मृतकों में सऊदी अरब के चार, बांग्लादेश के दो तथा फिलिस्तीन, अमेरिका, मिस्र, जॉर्डन, सीरिया और सूडान के एक-एक नागरिक शामिल हैं।
सऊदी अरब ने इस हमले के लिए हूती विद्रोहियों को जिम्मेदार ठहराया है। भारतीय दूतावास ने कहा है कि वह स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाए हुए है और घायल भारतीयों को जरूरी सहायता दिलाने के लिए लगातार काम कर रहा है।
