डॉ. राजेश्वर सिंह ने गुरुद्वारा आलमबाग को भेंट की बस, पांच मेधावी छात्रों को लैपटॉप

Lucknow

लखनऊ। गुरुद्वारा आलमबाग में सिखों के चौथे गुरु श्री गुरु रामदास जी का प्रकाश पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने स्वर्गीय एस. गुरुमुख सिंह आनंद के परिवार के सहयोग से गुरुद्वारा आलमबाग को प्रदान की गई बस का लोकार्पण किया। बस का उपयोग कार सेवा और अन्य सामुदायिक सेवा कार्यों के लिए किया जाएगा।

  • सेवा कार्यों को मिलेगा बढ़ावा, बस का हुआ लोकार्पण

गुरुद्वारा आलमबाग को उपलब्ध कराई गई बस से कार सेवा और अन्य सामाजिक गतिविधियों के संचालन में सुविधा मिलेगी। कार्यक्रम के आयोजन में संदीप सिंह आनंद का विशेष सहयोग रहा। भाई दविंदर सिंह खानने वाले और भाई तरनवीर सिंह रब्बी ने मधुर गुरबाणी कीर्तन प्रस्तुत कर संगत को निहाल किया। उपस्थित लोगों ने गुरु साहिब के चरणों में माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया और सेवा, सद्भाव तथा मानव कल्याण के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

  • तीन विशिष्ट सेवादारों को मिला ‘फख्र-ए-कौम’ सम्मान

कार्यक्रम के दौरान सेवा के क्षेत्र में योगदान के लिए ऑक्सीजन मैन गुरप्रीत सिंह रामी, धर्मबीर सिंह बग्गा (टांडा) और गुरप्रीत सिंह बग्गा (सहारनपुर) को संत कश्मीर सिंह भूरी वाले डेरा की ओर से ‘फख्र-ए-कौम’ सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने तीनों सेवादारों के योगदान की सराहना की।

  • पांच मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप, कौशल विकास पर जोर

शिक्षा और युवाओं के सशक्तीकरण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से गुरुद्वारा द्वारा संचालित दशमेश पब्लिक स्कूल के पांच मेधावी विद्यार्थियों को परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने पर लैपटॉप प्रदान किए गए। इसके साथ ही युवाओं को आधुनिक तकनीक और रोजगारपरक कौशल से जोड़ने के उद्देश्य से डिजिटल एवं स्किल डेवलपमेंट सेंटर का अवलोकन किया गया। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षा, डिजिटल ज्ञान और कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

  • सिख समाज के गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में संगत रही मौजूद

कार्यक्रम में दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के भूपिंदर सिंह गिन्नी, डीएसजीएमसी के सचिव जस्मन सिंह नानी, मनजीत सिंह तलवार, बिहार अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य लखविंदर सिंह और राजेंद्र सिंह बग्गा लकी उपस्थित रहे। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान निर्मल सिंह के साथ रतपाल सिंह गोल्डी, हरजीत सिंह सरला, राजेंद्र सिंह राजू, इकबाल सिंह, त्रिलोक सिंह तुतेजा, चरनजीत सिंह, भूपिंदर सिंह, परमजीत सिंह, परविंदर सिंह और गुरदीप सिंह सहित कमेटी के अन्य सदस्य एवं बड़ी संख्या में संगत ने कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यक्रम का समापन गुरु का अटूट लंगर वितरित किए जाने के साथ हुआ। प्रकाश पर्व पर संगत ने गुरु साहिब की शिक्षाओं से प्रेरणा लेते हुए सेवा, विनम्रता, सद्भाव और मानव कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।