अखिलेश यादव मथुरा या लखनऊ से चुनाव लड़कर दिखाएं, अपनी राजनीतिक ताकत साबित करें: डॉ. राजेश्वर सिंह

Lucknow

लखनऊ। सरोजनीनगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्हें मथुरा या लखनऊ से चुनाव लड़ने की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि दूसरों को अलग-अलग सीटों से चुनाव लड़ने की चुनौती देने के बजाय सपा प्रमुख को स्वयं चुनावी मैदान में उतरकर अपनी राजनीतिक ताकत और जनाधार साबित करना चाहिए।

  • मथुरा या लखनऊ से चुनाव लड़ने की चुनौती

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव कभी अयोध्या तो कभी दूसरी सीट से चुनाव लड़ने की चुनौती देते नजर आते हैं। यदि उन्हें अपनी राजनीतिक लोकप्रियता और जनाधार पर भरोसा है, तो उन्हें भगवान श्रीकृष्ण की पावन जन्मभूमि मथुरा अथवा उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से चुनाव लड़कर दिखाना चाहिए।

  • राजधानी से चुनाव लड़कर साबित करें जनाधार

विधायक ने कहा कि अखिलेश यादव लखनऊ में अधिकांश समय बिताते हैं। ऐसे में प्रदेश की राजधानी से चुनाव लड़ना उनके लिए अपनी राजनीतिक स्वीकार्यता और जनता के बीच प्रभाव साबित करने का अवसर होगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में प्रदेश की जनता ने अखिलेश यादव को नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी सौंपी थी। ऐसे में उन्हें उत्तर प्रदेश में सक्रिय रहकर जनता के सवालों का सामना करना चाहिए और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाना चाहिए।

  • बयानबाजी नहीं, जनता के बीच सक्रियता जरूरी

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि राजनीति में दूसरों को चुनौती देना आसान है, लेकिन वास्तविक नेतृत्व जनता का विश्वास जीतने, जनहित के मुद्दों पर जवाबदेही निभाने और अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने से साबित होता है। उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख को अपनी राजनीतिक ऊर्जा बयानबाजी के बजाय प्रदेश की जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समाधान और जनहित के मुद्दों पर लगानी चाहिए।