बाढ़ प्रभावित लखनऊ में राहत अभियान तेज, राजनाथ सिंह प्रतिदिन ले रहे अपडेट; घर-घर पहुंच रही राहत सामग्री

Lucknow

लखनऊ। गोमती नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर से उत्पन्न बाढ़ की स्थिति को देखते हुए लखनऊ के सांसद एवं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह लखनऊ के जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन से राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने प्रभावित नागरिकों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने, राहत कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही न होने देने और जरूरतमंदों तक तत्काल सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।

  • राजनाथ सिंह के निर्देश पर प्रभावित क्षेत्रों में पहुंची टीम

राजनाथ सिंह के निर्देश पर एमएलसी मुकेश शर्मा, रक्षा मंत्री के विशेष कार्य अधिकारी के.पी. सिंह, पीआरओ पुष्कर शुक्ला, विधायक डॉ. नीरज बोरा और स्थानीय कार्यकर्ताओं ने लोहरामऊ, सावित्री विहार, मथुरापुरी और मिल्लत नगर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। टीम ने प्रभावित परिवारों से सीधे संवाद कर उनकी स्थिति, सुरक्षा और जरूरतों की जानकारी ली। इस दौरान घर-घर लंच पैकेट के साथ आटा, चावल, दाल, लईया, बिस्कुट, चीनी, नमक, माचिस, मोमबत्ती, मसाले, खाद्य तेल, आलू, प्याज और पेयजल की बोतलों समेत अन्य खाद्य सामग्री वितरित की गई।

  • राहत सामग्री के साथ स्वच्छता सामग्री भी उपलब्ध

बाढ़ प्रभावित परिवारों को सैनिटरी पैड, सूती कपड़ा, नहाने और कपड़े धोने का साबुन, डिस्पोजल बैग तथा बाल्टी जैसी दैनिक उपयोग और स्वच्छता से जुड़ी आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराई गई। प्रभावित क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता के लिए पानी के टैंकर लगाए गए हैं और पैकेज्ड पेयजल की आपूर्ति भी की जा रही है।

  • मेडिकल कैंप और अस्थायी आश्रय केंद्र सक्रिय

बाढ़ प्रभावित नागरिकों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए विभिन्न क्षेत्रों में मेडिकल कैंप संचालित किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमें आवश्यक दवाओं, प्राथमिक उपचार और स्वास्थ्य परामर्श के साथ प्रभावित क्षेत्रों में सक्रिय हैं। बाढ़ से प्रभावित परिवारों के लिए अस्थायी आश्रय केंद्र भी संचालित किए जा रहे हैं, जहां ठहरने, भोजन, पेयजल और स्वच्छता समेत जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। वृद्धजन, बच्चों, गर्भवती महिलाओं और अन्य संवेदनशील नागरिकों को जरूरत के अनुसार सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की व्यवस्था भी की जा रही है। राहत अभियान के तहत प्रशासन एवं स्थानीय स्तर की टीमें प्रभावित नागरिकों तक आवश्यक सहायता लगातार पहुंचाने में जुटी हैं।