बाढ़ प्रभावित इलाकों में नाव से उतरीं महापौर सुषमा खर्कवाल, खुद चखा राहत भोजन; प्रभावितों से जाना हाल

Lucknow

लखनऊ। बाढ़ प्रभावित नागरिकों को राहत और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए महापौर सुषमा खर्कवाल ने नगर आयुक्त गौरव कुमार के साथ विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। महापौर ने जोन-3 के लोहरामऊ, फैजुल्लागंज, दाउद नगर, मिल्लत नगर समेत विभिन्न क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। इसके अलावा जोन-6 के हयात नगर, सेहठा गांव और गुल्मी खेड़ा में नाव के माध्यम से पहुंचकर प्रभावित इलाकों की स्थिति देखी। निरीक्षण के दौरान महापौर ने बाढ़ प्रभावित नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और जरूरतें जानीं तथा भोजन के पैकेट, पीने का पानी और आवश्यक दवाएं वितरित कीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत सामग्री जरूरतमंदों तक लगातार पहुंचती रहे और किसी भी प्रभावित परिवार को सहायता के लिए परेशान न होना पड़े।

  • हेल्थ कैंप में दवाओं और स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायजा

बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में स्थापित हेल्थ कैंप का निरीक्षण करते हुए महापौर ने उपलब्ध दवाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने डॉक्टरों एवं स्वास्थ्य टीम से व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया और निर्देश दिए कि प्रभावित नागरिकों को आवश्यक उपचार एवं दवाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

  • कंट्रोल रूम से लिया राहत कार्यों का फीडबैक

महापौर ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए स्थापित कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने तैनात कर्मचारियों से नागरिकों की ओर से प्राप्त सूचनाओं, उनकी आवश्यकताओं और राहत कार्यों की स्थिति की जानकारी ली। महापौर ने निर्देश दिए कि नागरिकों से मिलने वाली प्रत्येक सूचना पर तत्काल कार्रवाई हो और जरूरतमंद तक सहायता पहुंचाने में किसी तरह की देरी न हो।

  • खुद भोजन चखकर परखी गुणवत्ता

बाढ़ प्रभावित नागरिकों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की जांच के लिए महापौर ने नगर आयुक्त गौरव कुमार के साथ स्वयं भोजन चखा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित लोगों को स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण और पौष्टिक भोजन तीनों समय नियमित रूप से उपलब्ध कराया जाए। भोजन की गुणवत्ता और वितरण व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त न करने के निर्देश दिए गए।

महापौर ने कहा कि बाढ़ प्रभावित नागरिकों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों एवं राहत टीमों को पूरी तत्परता से कार्य करने तथा प्रभावित क्षेत्रों में भोजन, स्वच्छ पेयजल, दवाओं और अन्य जरूरी सुविधाओं की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। लखनऊ नगर निगम की टीमें बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हैं।

  • राहत-बचाव में कई विभागों की टीमें सक्रिय

निरीक्षण के दौरान पार्षद स्वदेश सिंह, पार्षद श्रीमती रौशनी रावत, पार्षद प्रतिनिधि सत्यदेव सिंह, जोनल अधिकारी जोन-3 अजीत राय, अधिशासी अभियंता जोन-3 नज़मी मुजफ्फर, जोनल अधिकारी जोन-6 अमरजीत सिंह यादव, अधिशासी अभियंता जोन-6 अशोक कुमार, जेडएसओ राजेश कुमार समेत नगर निगम, जिला प्रशासन, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग, पशुपालन विभाग और पुलिस प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। लखनऊ नगर निगम, जिला प्रशासन, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पुलिस प्रशासन की टीमें बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हैं।