Pilibhit News : जंगल छोड़ आए बंदरों की घर वापसी मुश्किल! पीलीभीत टाइगर रिजर्व में नहीं छोड़े जाएंगे बरेली के बंदर

# ## Bareilly Zone

 जंगल छोड़कर शहरों में आए बंदरों की घर वापसी अब मुश्किल हो गई है। बरेली शहर से करीब एक हजार बंदर पकड़कर पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) और शाहजहांपुर के जंगलों में छोड़ने की तैयारी थी। लेकिन पीटीआर प्रशासन और वन विभाग ने ऐसा करने से मना कर दिया है। स्पष्ट करते हुए कि शहरी बंदरों को जंगल में नहीं छोड़ा जाएगा। इसलिए क्योंकि बाहरी जानवरों के जंगल में आने से वन्यजीवों में संक्रमण फैलने का खतरा पैदा हो जाएगा। अनाधिकृत रूप से अगर किसी ने बाहरी जानवरों को जंगल में छोड़ने की कोशिश की तो उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई होगी।

पीलीभीत टाइगर रिजर्व के अधिकारियों के मुताबिक, शहरी बंदरों में रेबीज, टीबी, हर्पीस बी संक्रमण की आशंका रहती है। बाहर के संक्रमित बंदर या दूसरे जानवर अगर जंगल में दाखिल होंगे तो दूसरे वन्यजीवों में भी संक्रमण फैलने का खतरा बना रहेगा। यहां तक कि बाघों तक भी ये संक्रमण पहुंचने का अंदेशा रहेगा। इसलिए वन्यजीवों की सुरक्षा-संरक्षण के लिए ऐसा करना जोखिम भरा रहेगा।

पीलीभीत टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्ट मनीष सिंह के मुताबिक बाहरी जानवरों को जंगल में छोड़ना गैरकानूनी है। बाहरी बंदर या दूसरे जानवर जंगल में छोड़ने से यहां की प्राकृतिक व्यवस्था पर दुष्प्रभाव पड़ सकता है। अगर कोई बाहरी बंदरों को जंगल में छोड़ने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ न सिर्फ जुर्माना लगाया जाएगा बल्कि कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

भोजन संतुलन बिगड़ने का डर 

शहरी क्षेत्र में रहने वाले बंदरों को जंगल में छोड़ने से यहां वन्यजीवों के उपलब्ध भोजन का संतुलन बिगड़ने की भी आशंका बनी है। वन्य विभाग के अधिकारियों का मानना है कि न सिर्फ भोजन का संतुलन खराब होगा, बल्कि पेड़-पौधों को नुकसान भी पहुंच सकता है। फिलहाल वन विभाग अपनी सीमाओं की सुरक्षा को लेकर सतर्क हो गया है। टीम को अलर्ट कर दिया गया है कि कहीं से बाहरी बंदर जंगल में प्रवेश नहीं करने चाहिए।

बरेली में पकड़े जाने हैं बंदर 

बरेली में बंदरों का बड़ा आतंक बना है। अक्सर बंदरों के हमलों में लोगों के घायल होने की घटनाएं भी सामने आती रहती हैं। बंदरों में बढ़ती आक्रामकता से शहरी क्षेत्र के लोग परेशान होने लगे हैं। नगर निगम में शिकायतें की जा रही हैं कि बंदर पकड़कर बाहर छोड़े जाएं। इसी समस्या को सुलझाने के लिए नगर निगम ने करीब एक हजार बंदरों को पकड़ने की योजना बनाई है। इसका ठेका हो चुका है।

तय हुआ था कि बरेली से बंदर पकड़कर पीलीभीत टाइगर रिजर्व और शाहजहांपुर के जंगल में छोड़ दिए जाएंगे। लेकिन पीटीआर प्रशासन ने ऐसा करने से मना कर दिया है तो बरेली में एक बार फिर बंदर पकड़ने के अभियान को झटका लग सकता है।