लखनऊ: एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता भारतीय टीम मंगलवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में उतरेगी। लखनऊ के एकाना स्टेडियम में होने वाले मैच से पहले भारतीय टीम प्रबंधन के सामने सबसे बड़ा सवाल संजू सैमसन और युवा वैभव सूर्यवंशी में से किसी एक को अंतिम एकादश में शामिल करने का है।
एशियाई खेलों में वीवीएस लक्ष्मण भारतीय टीम के कोच थे और उन्होंने सैमसन व सूर्यवंशी दोनों को प्लेइंग-11 में जगह दी थी। अब टीम की कमान मुख्य कोच गौतम गंभीर के रणनीतिक फैसलों पर है। दोनों कोच आठवें नंबर तक बल्लेबाजी का विकल्प रखने के पक्षधर हैं, लेकिन टीम संयोजन को देखते हुए गंभीर के सैमसन और सूर्यवंशी को एक साथ खिलाने की संभावना कम मानी जा रही है।
सैमसन को फिर ओपनिंग पर उतारने का विकल्प
एशियाई खेलों में खराब पिचों को देखते हुए लक्ष्मण ने तीनों बल्लेबाजों- अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी और संजू सैमसन को टीम में रखा था। सूर्यवंशी और दुनिया के नंबर एक टी20 बल्लेबाज अभिषेक ने पारी की शुरुआत की, जबकि सैमसन तीसरे नंबर पर उतरे थे।
लखनऊ की एकाना स्टेडियम की पिच पर गंभीर सैमसन को फिर से पारी की शुरुआत कराने पर विचार कर सकते हैं। निचले क्रम में नीतीश कुमार रेड्डी के रूप में टीम के पास विकल्प मौजूद है। सैमसन नंबर तीन पर अपेक्षित सहजता नहीं दिखा सके हैं, जबकि सलामी बल्लेबाज के तौर पर उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ पिछली घरेलू टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में दो अर्धशतक लगाए थे।
मध्यक्रम में पहले से कई विकल्प
भारतीय मध्यक्रम में कप्तान श्रेयस अय्यर, ईशान किशन, उपकप्तान तिलक वर्मा, शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी और अक्षर पटेल जैसे विकल्प मौजूद हैं। ऐसे में सूर्यवंशी और सैमसन दोनों को अंतिम एकादश में शामिल करने की संभावना काफी कम दिखाई देती है।
तेज गेंदबाजी विभाग भी गंभीर के लिए चयन की एक अहम पहेली होगा। अनुभवी अर्शदीप सिंह के साथ अपेक्षाकृत कम अनुभव वाले मयंक यादव और प्रिंस यादव टीम में हैं। मयंक ने छह और प्रिंस ने तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं।
गेंदबाजी में अक्षर-कुलदीप संभालेंगे स्पिन की कमान
स्पिन विभाग की जिम्मेदारी अक्षर पटेल और कुलदीप यादव के कंधों पर होगी। अगर गंभीर बल्लेबाजी को अतिरिक्त मजबूती देना चाहते हैं तो नमन धीर को प्रिंस यादव या मयंक यादव की जगह मौका मिल सकता है।
यह भी देखना होगा कि कप्तान श्रेयस अय्यर जरूरत पड़ने पर अभिषेक शर्मा की बाएं हाथ की स्पिन का इस्तेमाल करते हैं या नहीं। अभिषेक ने एशियाई खेलों के दौरान गेंदबाजी में कुछ विकेट लेकर अपनी उपयोगिता साबित की थी।
अय्यर के लिए भी बड़ी परीक्षा
यह सीरीज कप्तान श्रेयस अय्यर के लिए भी अहम परीक्षा होगी। उनकी अगुवाई में भारत ने जिम्बाब्वे और अफगानिस्तान जैसी कम रैंकिंग वाली टीमों के खिलाफ टी20 सीरीज जीती हैं। अब उनके सामने टी20 प्रारूप की मजबूत टीम वेस्टइंडीज की चुनौती होगी।
वेस्टइंडीज 2012 और 2016 में दो बार टी20 विश्व कप जीत चुका है। आंकड़ों की बात करें तो भारत का पलड़ा घरेलू मैदान पर भारी रहा है। भारत ने अपनी जमीन पर कैरेबियाई टीम के खिलाफ पिछले 10 मुकाबलों में से नौ में जीत दर्ज की है।
वेस्टइंडीज के पास आक्रामक बल्लेबाजों की फौज
वेस्टइंडीज के पास टी20 क्रिकेट के कई आक्रामक खिलाड़ी हैं। रोमारियो शेफर्ड, रोवमैन पॉवेल, शिमरोन हेटमायर और अकील हुसैन भारतीय परिस्थितियों में खेलने के अनुभव के कारण आईपीएल में भी काफी मांग में रहे हैं।
शाई होप की कप्तानी वाली वेस्टइंडीज टीम की बल्लेबाजी का दारोमदार होप, हेटमायर, पॉवेल और शेरफेन रदरफोर्ड पर रहेगा। ऑलराउंडर विभाग में रोस्टन चेज, कीमो पॉल, पॉवेल और शेफर्ड टीम को संतुलन देते हैं।
गेंदबाजी में बाएं हाथ के स्पिनर अकील हुसैन और तेज गेंदबाज शमर जोसेफ अहम भूमिका निभाएंगे। वहीं गुडाकेश मोती की बाएं हाथ की स्पिन और चेज की ऑफ-ब्रेक गेंदबाजी कैरेबियाई आक्रमण को और विविधता देती है। मैच शाम 7:00 बजे शुरू होगा
दोनों टीमों का स्क्वाड
भारत: श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, ईशान किशन, नमन धीर, कुलदीप यादव, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, प्रिंस यादव, रवि बिश्नोई, संजू सैमसन (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, मयंक यादव।
वेस्टइंडीज: शाई होप (कप्तान, विकेटकीपर), ज्वेल एंड्रयू, रोस्टन चेज, मैथ्यू फोर्डे, शिमरोन हेटमायर, अकील हुसेन, शमर जोसेफ, गुडाकेश मोती, कीमो पॉल, कामिल पूरन, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, क्वेंटिन सैम्पसन, रोमारियो शेफर्ड, शमर स्प्रिंगर, आमिर गांजू।
