मेरठ । उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर विभिन्न दलों की गतिविधियां तेज होने के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन सोमवार से पश्चिमी उत्तर प्रदेश का दो दिवसीय दौरे पर मेरठ पहुंचें। इस दौरान सीएम योगी ने उनका स्वागत फूल देकर किया।
सीएम योगी ने एक्स पर लिखा, कला, क्रांति और कलम की भूमि-स्वतंत्रता आंदोलन का प्रमुख केंद्र उत्तर प्रदेश का जिला मेरठ @ BJP4India के यशस्वी राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री Nitin Nabin का हार्दिक स्वागत एवं सम्मान करता है।
बता दें कि नबीन मेरठ और मंगलवार को सहारनपुर में रहेंगे। भाजपा अपने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने पर ध्यान दे रही है, जबकि कांग्रेस किसानों के अधिकारों के लिए मार्च की तैयारी कर रही है और समाजवादी पार्टी (सपा) एवं राष्ट्रीय लोक दल (रालोद), सामाजिक समूहों से संपर्क बढ़ा रहे हैं।
यूपी भाजपा अध्यक्ष ने बताया कार्यकर्ताओं के लिए नयी ऊर्जा
भाजपा की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट साझा कर नितिन नबीन का मेरठ एवं सहारनपुर में स्वागत किया। उन्होंने लिखा, ”क्रांति धरा एवं बाबा औघड़नाथ की पावन भूमि मेरठ तथा मां शाकुंभरी देवी की पावन धरती सहारनपुर में आगमन पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य नितिन नबीन का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन है।”
चौधरी ने कहा कि भाजपा अध्यक्ष के इस दौरे से पार्टी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह, नयी ऊर्जा एवं नयी प्रेरणा का संचार होगा और उनके मार्गदर्शन में संगठनात्मक अभियानों को नयी गति मिलने के साथ-साथ संगठन की जड़ें और मजबूत होंगी।
पश्चिमी यूपी में संगठन मजबूत करने की कवायद
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने संगठन को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन पश्चिमी यूपी के दौरे पर हैं। जाट, गुर्जर और अन्य किसान बिरादरियों के प्रभाव वाले इस क्षेत्र में भाजपा का संगठनात्मक ढांचा 14 जिलों और 71 विधानसभा क्षेत्रों तक फैला है।
भाजपा के अनुसार, नितिन नबीन का दौरा बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संवाद करने तथा क्षेत्र के राजनीतिक हालात की जानकारी लेने पर केंद्रित है। सोमवार को मेरठ में वह पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शक्ति केंद्र संयोजकों के साथ बैठक करेंगे। इसके अलावा सांसदों, विधायकों, पूर्व जनप्रतिनिधियों और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों से भी मुलाकात का कार्यक्रम है।
करीब पांच हजार शक्ति केंद्र संयोजकों से संवाद
भाजपा के पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर के मुताबिक, नितिन नबीन इलाके के करीब पांच हजार शक्ति केंद्र संयोजकों से बातचीत करेंगे। इस दौरान बूथ, शक्ति केंद्र, मंडल, जिला और क्षेत्रीय स्तर पर संगठन की स्थिति, कार्यकर्ताओं की गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों की जानकारी ली जाएगी।
मां शाकंभरी देवी मंदिर जाएंगे नितिन नबीन
दौरे के दूसरे दिन नितिन नबीन सहारनपुर में संगठनात्मक बैठकों में हिस्सा लेंगे और मां शाकंभरी देवी मंदिर में दर्शन करेंगे। पार्टी की ओर से इसे संगठनात्मक गतिविधियों के साथ क्षेत्र में कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद के कार्यक्रम के तौर पर बताया गया है।
कांग्रेस भी किसान अधिकार यात्रा के जरिए बढ़ाएगी संपर्क
पश्चिमी यूपी में कांग्रेस भी संगठन को सक्रिय करने और ग्रामीण इलाकों में संपर्क बढ़ाने की तैयारी में है। पार्टी ने 2 अक्टूबर से 7 अक्टूबर तक मुजफ्फरनगर से गौतम बुद्ध नगर तक ‘किसान अधिकार यात्रा’ निकालने की घोषणा की है। कांग्रेस नेता चौधरी यशपाल सिंह के अनुसार, यात्रा के दौरान किसानों, खेतिहर मजदूरों, महिला किसानों, ग्रामीण युवाओं, पशुपालकों और खेती से जुड़े अन्य वर्गों की समस्याओं एवं अधिकारों से जुड़े मुद्दे उठाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि यात्रा छह जिलों से होकर गुजरेगी और इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों से संपर्क बढ़ाना तथा संगठन को मजबूत करना है। कांग्रेस के प्रांतीय प्रवक्ता अभिमन्यु त्यागी के मुताबिक, यह यात्रा अखिल भारतीय किसान कांग्रेस और उत्तर प्रदेश किसान कांग्रेस के पश्चिमी जोन की ओर से आयोजित की जा रही है।
सपा और रालोद की भी पश्चिमी यूपी में सक्रियता
समाजवादी पार्टी भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सामाजिक समूहों के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने में सक्रिय है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने हाल में सहारनपुर दौरे के दौरान गुर्जर नेताओं इंद्रसेन चौधरी और रुद्रसेन से उनके आवास पर मुलाकात की थी।
वहीं, पूर्व में सपा की सहयोगी रही रालोद अब राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का हिस्सा है। रालोद अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने भी अखिलेश यादव के सहारनपुर दौरे के अगले दिन वहां का दौरा किया। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में किसान मुद्दों और सामाजिक समीकरणों की राजनीतिक भूमिका को देखते हुए आने वाले समय में विभिन्न दलों की संगठनात्मक गतिविधियां और जनसंपर्क अभियान बढ़ने की संभावना है।
