ओपी राजभर का नया राग!4 हिस्सों में बंटेगा UP, पूर्वांचल बना तो बेटा बनेगा CM

# ## UP

यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच सियासत में नए-नए समीकरण और बयान सामने आने लगे हैं. एनडीए सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने अब पूर्वांचल को अलग राज्य बनाने की मांग को फिर से हवा दे दी है. खास बात यह है कि यह बयान उन्होंने देवरिया में, यानी पूर्वांचल के अहम इलाके में आयोजित अपनी पार्टी की रैली में दिया है.

राजभर ने दावा किया कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश चार हिस्सों में बंटेगा. उन्होंने कहा कि अगर पूर्वांचल अलग राज्य बनता है तो राजभर समाज का बेटा मुख्यमंत्री बनेगा. राजभर के इस बयान को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पूर्वांचल की राजनीति में अपनी पार्टी और अपने समाज की भूमिका को रेखांकित करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है.

चुनाव से पहले क्यों उठा पूर्वांचल का मुद्दा?

यूपी में 2027 का चुनाव करीब आते ही पूर्वांचल की सियासत एक बार फिर चर्चा में है. ओम प्रकाश राजभर की पार्टी का राजनीतिक आधार भी पूर्वांचल में महत्वपूर्ण माना जाता है. ऐसे में अलग पूर्वांचल राज्य की मांग को लेकर उनका नया बयान सीधे तौर पर क्षेत्रीय पहचान, पिछड़े वर्गों की हिस्सेदारी और सत्ता में भागीदारी के सवाल से जुड़ता है. राजभर ने केवल राज्य के बंटवारे की बात नहीं की, बल्कि 27 प्रतिशत OBC आरक्षण में हिस्सेदारी का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने जातिगत जनगणना के बाद आरक्षण में हिस्सेदारी तय करने और OBC आरक्षण के बंटवारे की मांग दोहराई.

इसमें उन्होंने पूर्वांचल के लिए अलग राज्य की मांग, 27 प्रतिशत OBC आरक्षण में हिस्सेदारी और पूर्वांचल राज्य बनने की स्थिति में राजभर समाज की सत्ता में हिस्सेदारी का दावा किया है. यानी चुनावी साल से पहले राजभर ने अपनी राजनीति के पुराने मुद्दों को एक बार फिर एक ही मंच से जोड़ दिया है.

योगी के नेतृत्व पर राजभर पहले क्या कह चुके हैं?

हालांकि, यह भी महत्वपूर्ण है कि राजभर हाल के बयानों में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में 2027 का चुनाव लड़ने की बात स्वीकार कर चुके हैं. जुलाई 2026 में उन्होंने कहा था कि मुख्यमंत्री का चयन बीजेपी करती है और वह योगी के नेतृत्व को स्वीकार करते हैं. यही वजह है कि अब देवरिया से उनका ‘पूर्वांचल अलग राज्य बना तो राजभर समाज का बेटा मुख्यमंत्री बनेगा’ वाला बयान राजनीतिक तौर पर अलग चर्चा पैदा कर रहा है.