रुपईडीहा से वाराणसी ट्रेन शुरू… 730 करोड़ से बदली रेल कनेक्टिविटी

# ## National

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को बहराइच में नेपालगंज रोड (रुपईडीहा)-नानपारा-बहराइच रेलखंड और ट्रेन सेवा की शुरुआत को क्षेत्र के विकास की नई शुरुआत बताया। रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने हरी झंडी दिखाकर रुपईडीहा से वाराणसी के लिए स्पेशल ट्रेन रवाना की। रेलमंत्री ने 56 किलोमीटर रेलखंड को ब्रॉडगेज नेटवर्क से जोड़ने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि 730 करोड़ रुपये की लागत से ब्रॉडगेज का काम समयसीमा में पूरा हुआ है।

योगी ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि “बॉर्डर का क्षेत्र मानकर इस इलाके को पिछड़ेपन का पर्याय बना दिया गया था, जबकि हमारे लिए रुपईडीहा-बहराइच-नानपारा भारत का प्रवेश द्वार है।” उन्होंने कहा कि पीढ़ियां इस दिन का इंतजार करती रहीं और अब सपना साकार हुआ है। उन्होंने कहा कि पहले रेल कनेक्टिविटी मीटरगेज तक सीमित थी। अब ब्रॉडगेज से क्षेत्र को वाराणसी समेत बड़े धार्मिक और आर्थिक केंद्रों से जोड़ा जा रहा है। इससे व्यापार, उद्योग, पर्यटन और कृषि को बढ़ावा मिलेगा। कतर्नियाघाट ईको टूरिज्म, अयोध्या, वाराणसी और गोरखपुर तक पहुंच आसान होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बहराइच समेत आसपास के जिलों में मेडिकल कॉलेजों का विस्तार हुआ है। श्रावस्ती में एयरपोर्ट बना है और लखनऊ-बहराइच रोड कनेक्टिविटी को फोरलेन से जोड़ने की स्वीकृति मिली है। बहराइच से खलीलाबाद नई रेललाइन और गोरखपुर-सिद्धार्थनगर-शोहरतगढ़-बलरामपुर होते हुए बहराइच तक कनेक्टिविटी की दिशा में भी काम हो रहा है।

योगी ने कहा कि नई रेल सेवा भारत-नेपाल के सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करेगी। उन्होंने कहा कि भारत-नेपाल के संबंध केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि साझा सांस्कृतिक विरासत पर आधारित हैं। नेपाल की प्राकृतिक आपदा में मृतकों को श्रद्धांजलि देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “दुख की घड़ी में हम सभी नेपाल के साथ हैं।”उन्होंने रेलवे के व्यापक विद्युतीकरण और ब्रॉडगेज विस्तार का उल्लेख करते हुए कहा कि “जब पटरी बड़ी होती है तो रास्ते भी बड़े होते हैं, बाजार भी बड़े होते हैं और अवसर भी बड़े होते हैं।” कार्यक्रम में बहराइच सांसद डॉ. आनंद गोंड, डुमरियागंज सांसद जगदंबिका पाल समेत विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।