CA की पढ़ाई और प्रशिक्षण में बड़े बदलाव की तैयारी, शिक्षा-ट्रेनिंग से लेकर IT और सॉफ्ट स्किल्स तक बदलेगा पूरा सिस्टम

# ## Education

 आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल अकाउंटिंग और तेजी से बदलती कारोबारी दुनिया में भविष्य का चार्टर्ड अकाउंटेंट कैसा हो, उसे क्या पढ़ाया जाए और पेशेवर चुनौतियों के लिए कैसे तैयार किया जाए। इसके लिए इंस्टीट्यूट आफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) ने मौजूदा शिक्षा और प्रशिक्षण व्यवस्था में बदलाव के लिए चार्टर्ड अकाउंटेंट, छात्रों, उद्योग और शिक्षाविदों समेत विभिन्न हितधारकों से 31 अगस्त तक सुझाव मांगे हैं।

आईसीएआई की कोशिश केवल सीए पाठ्यक्रम में बदलाव तक सीमित नहीं है। इसी कारण समीक्षा में शिक्षा, व्यवहारिक प्रशिक्षण, परीक्षा, आईटी और सॉफ्ट स्किल्स जैसे प्रमुख क्षेत्रों को शामिल किया गया है। इससे साफ है कि संस्थान का पूरा जोर छात्रों के व्यवहारिक प्रशिक्षण, योग्यता मूल्यांकन और पेशेवर जीवन की बदलती चुनौतियों पर है। ऐसे में इसका सीधा असर भविष्य में फाउंडेशन, इंटरमीडिएट और फाइनल स्तर के छात्रों पर पड़ सकता है। उनकी अध्ययन सामग्री, विषयों की संरचना और व्यवहारिक प्रशिक्षण के तौर-तरीकों में परिवर्तन संभव है।

आईसीएआई ने परीक्षा और मूल्यांकन प्रणाली को भी अपने फीडबैक में शामिल किया है, जिसमें बदलाव का असर छात्रों की तैयारी और परीक्षा देने के तरीके पर पड़ सकता है। इसके अलावा समीक्षा में आईटी और सॉफ्ट स्किल्स ट्रेनिंग को भी जोड़ा गया है। यह पहल इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि अकाउंटिंग, ऑडिट, वित्तीय रिपोर्टिंग और अन्य पेशेवर कार्यों में तकनीक का इस्तेमाल लगातार बढ़ रहा है। सीए को बड़े पैमाने पर डिजिटल सिस्टम और तकनीकी उपकरणों के साथ काम करना पड़ रहा है। इसे लेकर प्रशिक्षण में बदलाव का फायदा सीए फर्मों और कंपनियों को मिल सकता है।

उद्योग को मिल सकते हैं ज्यादा सक्षम प्रोफेशनल

माना जा रहा है कि सीए शिक्षा और प्रशिक्षण व्यवस्था में भविष्य में होने वाले बदलाव से उद्योग और कारोबार को ऐसे प्रोफेशनल मिल सकते हैं, जो भविष्य की कारोबारी चुनौतियों को बेहतर तरीके से समझने में सक्षम होंगे। आईसीएआई की सेंट्रल इंडिया रीजनल काउंसिल के पूर्व चेयरमैन दीप कुमार मिश्रा के मुताबिक, संस्थान ने सभी हितधारकों से अलग-अलग विषयों पर सुझाव मांगे हैं। इससे भविष्य में सीए शिक्षा और प्रशिक्षण व्यवस्था में संभावित बदलावों की रूपरेखा तैयार करने में मदद मिलेगी।