- वृंदावन योजना और बिजनौर रोड पर दो नए व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का किया शुभारंभ, पार्क में ओपन जिम और बेंच लगवाने का दिया आश्वासन

लखनऊ। सरोजनीनगर में स्थानीय उद्यमिता को प्रोत्साहन देने, व्यापारिक गतिविधियों का विस्तार करने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने वृंदावन योजना और बिजनौर रोड पर दो नवीन व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रतिष्ठानों के संचालकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्थानीय उद्यमों का विस्तार किसी भी क्षेत्र की आर्थिक समृद्धि का मजबूत आधार है। व्यापारिक विकास से न केवल अर्थव्यवस्था को गति मिलती है, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते भी खुलते हैं।
- रियागा फाइन ज्वेलरी का शुभारंभ
सेक्टर-6, वृंदावन योजना स्थित ‘रियागा फाइन ज्वेलरी’ के उद्घाटन समारोह में डॉ. राजेश्वर सिंह ने प्रतिष्ठान के संचालकों प्रियम राज, अंकुर रस्तोगी और आदर्श वैश सहित पूरी टीम को नए व्यावसायिक सफर के लिए बधाई दी। उन्होंने प्रतिष्ठान की गुणवत्ता, विश्वसनीयता और ग्राहकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के संकल्प की सराहना करते हुए स्थानीय व्यापार को नई गति मिलने की उम्मीद जताई।
- वरदान स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट का उद्घाटन, जनसुविधाओं का आश्वासन
इसके बाद विधायक ने शहीद नगर, बिजनौर रोड स्थित ‘वरदान स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट’ का उद्घाटन किया। प्रतिष्ठान के संचालकों महेश सिंह, मानवेन्द्र सिंह, योगेंद्र सिंह और महिमा सिंह को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर नए प्रतिष्ठानों की स्थापना क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को मजबूत करती है। कार्यक्रम के दौरान डॉ. राजेश्वर सिंह ने स्थानीय नागरिकों और सोसायटी निवासियों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। क्षेत्रवासियों की सुविधा, स्वास्थ्य और बेहतर जीवनशैली को ध्यान में रखते हुए उन्होंने स्थानीय पार्क में ओपन जिम स्थापित कराने और लोगों के बैठने के लिए बेंच लगवाने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर उन्होंने नागरिकों को सरोजनीनगर के विकास और जनसेवा के संकल्पों पर आधारित पुस्तक ‘मैं हूँ सरोजनीनगर’ की प्रतियां भी भेंट कीं।
- सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन
विभिन्न कार्यक्रमों के बाद डॉ. राजेश्वर सिंह ने शहीद नगर स्थित सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ के दर्शन-पूजन और जलाभिषेक किया। उन्होंने सरोजनीनगर सहित समस्त प्रदेशवासियों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम में आर.के. सिंह, जी.एस. सिंह, एस.एस. चौधरी, आर.सी. वर्मा, मनोज कुमार सिंह, प्रदीप यादव, राम नारायण और के.के. मिश्रा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
