2 दिन और 16 आवेदकों का इंटरव्यू, अब 3 नामों का बनेगा पैनल; कब होगा राम मंदिर के CEO का ऐलान?

# ## National

अयोध्या में श्रीराम मंदिर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के चयन की प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है. CEO चयन के लिए गठित सर्च कमेटी ने 11 और 12 अगस्त को अयोध्या स्थित राम जन्मभूमि परिसर में अंतिम चरण के साक्षात्कार पूरे कर लिए. अब कमेटी सभी फाइनल उम्मीदवारों के मूल्यांकन के बाद तीन नामों का पैनल तैयार करेगी. फिर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र की ओर से इनमें से किसी को एक सीईओ पद के लिए चुना जाएगा. इसी के साथ ट्रस्ट की ओर से नाम का आधिकारिक ऐलान कर दिया जाएगा.

सर्च कमेटी के मुताबिक, CEO पद के लिए कुल 5,585 आवेदन प्राप्त हुए थे. इनमें से 3,877 आवेदकों ने विस्तृत CV जमा किए. आवेदनों की प्रारंभिक छंटनी और मूल्यांकन के बाद 1,580 उम्मीदवारों के आवेदन पर व्यापक विचार किया गया. इसके बाद करीब 111 उम्मीदवारों को ऑनलाइन इंटरैक्शन के लिए बुलाया गया. इसमें उनके संचार कौशल, पेशेवर अनुभव, विजन, व्यक्तित्व, नेतृत्व क्षमता और तकनीकी दक्षता को परखा गया. फिर अंतिम चरण के लिए 16 उम्मीदवारों का चयन कर उन्हें आमने-सामने साक्षात्कार के लिए बुलाया गया था.

रेस में थे इन क्षेत्रों के दिग्गज

सर्च कमेटी के मुताबिक अंतिम 16 उम्मीदवार 50 से 70 वर्ष की आयु के हैं. इनमें सभी अलग-अलग क्षेत्रों में महत्वपूर्ण अनुभव रखते हैं. इनमें सेना के पूर्व अधिकारी, सेवानिवृत्त IAS और IPS अधिकारी तथा सरकारी और गैर-सरकारी सेवाओं से जुड़े पेशेवर शामिल हैं. उम्मीदवारों का चयन डिफेंस, ब्यूरोक्रेसी, कॉरपोरेट, इंडस्ट्रियल, एजुकेशन और आईटी सहित विभिन्न क्षेत्रों से किया गया है. इसके लिए मानव संसाधन प्रबंधन, रणनीतिक सोच, नेतृत्व क्षमता, तकनीकी समझ, व्यक्तित्व और भविष्य की कार्ययोजना जैसे मानकों पर उन्हें परखा गया.

सर्च कमेटी ने लिया इंटरव्यू

CEO चयन के लिए गठित सर्च कमेटी में सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति प्रमोद कोहली, सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल वीके चतुर्वेदी, PVSM, AVSM, SM, और न्यूक्लियर साइंटिस्ट डॉ. सुरेश हावरे शामिल हैं. कमेटी के सामूहिक अनुभव में न्यायपालिका, रक्षा, प्रशासन और विज्ञान जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व है. अब यह कमेटी तीन नामों का पैनल कर ट्रस्ट को सौंपेगी. इसके बाद CEO की अंतिम नियुक्ति और नाम की घोषणा ट्रस्ट की ओर से किया जाएगा.