Kanpur News : बिल्डर से मांगी दो लाख की रंगदारी, रकम न देने पर भवन सील कराने की धमकी; यूट्यूबर पर FIR

# ## Kanpur Zone

नौबस्ता में एक बिल्डर ने यूट्यूबर पर दो लाख रुपये रंगदारी मांगने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर यूट्यूबर ने निर्माणाधीन भवन का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल कर काम बंद कराने व भवन सील कराने की धमकी दे रहा था। पुलिस जांच कर रही है।

विजयनगर निवासी बिल्डर सुखबीर सिंह चंदेल ने दी तहरीर में बताया कि किदवईनगर वाई ब्लाक में उनकी बिल्डिंग का निर्माण हो रहा है। 14 जून की शाम करीब छह बजे निर्माणाधीन भवन में पहुंचे युवक ने अपना नाम मुकेश गौतम बताते हुए खुद को एक न्यूज चैनल का पत्रकार बताया।

आरोप है कि मुकेश ने वहां काम देख रहे सुपरवाइजर राजीव सिंह से कहा कि मालिक से दो लाख रुपये देने को कहो। रकम न देने पर भवन का वीडियो बनाकर वायरल कर देंगे। आरोप है कि यहां तक कि उसने निर्माण कार्य बंद कराने और भवन सील कराने की भी धमकी दी। विरोध करने पर सुपरवाइजर से गाली-गलौज कर धमकाया।

बिल्डर का आरोप है कि तीन व नौ जुलाई को भी आरोपी ने निर्माणाधीन भवन को लेकर सोशल मीडिया में फर्जी खबरें चलाई। रंगदारी का दबाव बनाया। डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि आरोपी यूट्यूबर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। आरोपी पर पहले से बाबूपुरवा, नौबस्ता व नजीराबाद थाने में रंगदारी समेत अन्य धाराओं में चार मुकदमे दर्ज हैं।