मुंबई। टीवी धारावाहिक ‘पांड्या स्टोर’ और ‘काशीबाई बाजीराव बल्लाल’ से पहचान बनाने वाले अभिनेता रोहित चंदेल को 16 वर्षीय नाबालिग लड़की से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया गया है। उन पर नाबालिग का कथित रूप से पीछा करने, बार-बार फोन कर परेशान करने, गाली-गलौज और मारपीट करने के आरोप हैं। पुलिस ने उनके खिलाफ POCSO एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में पीछा करने की बात स्वीकार
मुंबई के घाटकोपर पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रोहित चंदेल को 10 जुलाई को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
घाटकोपर पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान अभिनेता ने नाबालिग लड़की से मिलने जाने और उसका पीछा करने की बात से इनकार नहीं किया। पुलिस का कहना है कि लड़की नाबालिग है और दोनों पहले एक साथ काम कर चुके थे।
क्या हैं आरोप?
शिकायत के मुताबिक, अभिनेता ने अपने नंबर और अन्य मोबाइल नंबरों से कथित तौर पर नाबालिग को कई बार फोन किया। आरोप है कि 5 जुलाई को उन्होंने लड़की को उसकी बिल्डिंग के पास रोककर उससे बहस की, अपशब्द कहे और मारपीट भी की।
इसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 78, 115(2), 352 तथा POCSO एक्ट की धारा 12 के तहत मामला दर्ज किया है।
मामले में पुलिस का बयान
घाटकोपर पुलिस के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक (Senior PI) विट्ठल लक्ष्मण आरडेकर के अनुसार, आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि मोबाइल नंबर ब्लॉक करने के बाद भी आरोपी अलग-अलग नंबरों से संपर्क करने का प्रयास करता रहा और उस पर मिलने का दबाव बना रहा था। मामले की जांच जारी है।
टीवी इंडस्ट्री में बनाया था नाम
रोहित चंदेल ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत ‘हर मुश्किल का हल अकबर बीरबल’, ‘यम हैं हम’ और ‘तमन्ना’ जैसे धारावाहिकों में छोटे किरदारों से की थी।
इसके बाद उन्होंने ‘ये उन दिनों की बात है’, ‘चंद्रगुप्त मौर्य’, ‘शक्ति – अस्तित्व के एहसास की’, ‘काशीबाई बाजीराव बल्लाल’ और ‘पांड्या स्टोर’ जैसे लोकप्रिय टीवी शो में अभिनय किया। हाल ही में वह रोमांटिक ड्रामा ‘सैराब’ में मुख्य भूमिका निभाते नजर आए थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस मामले के बाद शो में उनके स्थान पर किसी अन्य अभिनेता को लिया जा सकता है।
