राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक 6 को, पहले ही आ गया एजेंडा, जानें किन मुद्दों पर होगी चर्चा

# ## UP

अयोध्या श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बहुप्रतीक्षित बैठक छह जुलाई को होगी. यह बैठक दोपहर बाद तीन बजे से मणिराम दास छावनी में होगी. राम मंदिर में चढ़ावा चोरी प्रकरण सामने आने के बाद पहली बार ट्रस्ट की बैठक होने जा रही है. इसके लिए एजेंडा भी जारी कर दिया गया है. इस बैठक को ट्रस्ट के नेतृत्व, मंदिर की प्रशासनिक व्यवस्था और वित्तीय पारदर्शिता के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

बैठक के लिए जारी एजेंडा में सबसे पहला विषय ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्र के त्यागपत्र का है. माना जा रहा है कि इस विषय को बैठक में रखते ही स्वीकार कर लिया जाएगा. हालांकि बैठक मे चम्पत राय और अनिल मिश्रा को अपनी बात रखने का मौका मिल सकता है. ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि ने इस बैठक को लेकर सूचना जारी की है. इसमें उन्होंने बताया है कि बैठक में दान-पात्रों से प्राप्त राशि की गणना को लेकर गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) की अंतरिम रिपोर्ट भी ट्रस्ट के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी.

लिए जा सकते हैं बड़े फैसले

माना जा रहा है कि इस बैठक में कुछ बड़े फैसले लिए जा सकते हैं. इसमें रिपोर्ट के आधार पर मंदिर की दान व्यवस्था, निगरानी प्रणाली और जवाबदेही को लेकर कुछ बदलाव हो सकते हैं. इसी के साथ बैठक में वित्त वर्ष 2025-26 के आय-व्यय का लेखा-जोखा, ऑडिट रिपोर्ट और अन्य वित्तीय प्रस्तावों पर भी चर्चा कर उन्हें मंजूरी दी जाएगी. इसके अलावा मंदिर प्रबंधन की भविष्य की व्यवस्थाओं, प्रशासनिक ढांचे में सुधार तथा रिक्त पदों पर नियुक्तियों के लिए संभावित नामों पर भी विचार होगा.

बेहद अहम क्यों है बैठक?

बैठक में ट्रस्ट के अध्यक्ष की अनुमति से अन्य आवश्यक विषयों को भी चर्चा में शामिल किया जा सकता है. इस बैठक को इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि पहली बार ट्रस्ट के दो शीर्ष पदाधिकारियों के इस्तीफे आधिकारिक एजेंडे का हिस्सा बने हैं. साथ ही चढ़ावा चोरी मामले की जांच कर रही एसआईटी की अंतरिम रिपोर्ट पर भी ट्रस्ट विस्तार से चर्चा करेगा. ऐसे में बैठक के फैसले मंदिर की प्रशासनिक कार्यप्रणाली और ट्रस्ट के भविष्य की दिशा तय करने वाले साबित हो सकते हैं.

कौन करेगा अध्यक्षता?

बैठक से पहले एक नया सवाल भी खड़ा हो गया है. बैठक की अध्यक्षता ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास को करनी है, लेकिन वह इन दिनों लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर में उपचाराधीन हैं. यदि स्वास्थ्य कारणों से वह बैठक में शामिल नहीं हो पाते हैं तो बैठक की अध्यक्षता कौन करेगा, इसे लेकर ट्रस्ट की ओर से अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है.