2 आधार लेकर UP-TET एग्जाम में पहुंचा युवक, ऐसे हुआ धांधली का खुलासा

# ## Bareilly Zone

बरेली में यूपी-टीईटी परीक्षा के दौरान एक बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है. एक युवक दो अलग-अलग आधार कार्ड के साथ पकड़ा गया, जिसमें जन्मतिथि बदलकर अपनी उम्र कम दिखाई गई थी. उसने प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने के लिए फर्जी आधार और शैक्षिक प्रमाण पत्र बनवाए थे. पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर धोखाधड़ी व फर्जी दस्तावेज बनाने का मुकदमा दर्ज कर लिया है, और आगे की जांच जारी है.उत्तर प्रदेश में हो रही शिक्षक पात्रता परीक्षा यूपी-टीईटी के दौरान बरेली में एक बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है. यहां फर्जी दस्तावेजों के सहारे परीक्षा देने की कोशिश का मामला पकड़ा गया है. यहां साहू राम स्वरूप डिग्री कॉलेज में बने परीक्षा केंद्र पर जांच के दौरान एक अभ्यर्थी के पास दो अलग-अलग आधार कार्ड मिले हैं. शक होने पर अधिकारियों से उससे पूछताछ की. इसमें फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.

दस्तावेजों की गहन जांच और पूछताछ के बाद पूरा मामला सामने आ गया है. इसके बाद परीक्षा केंद्र प्रबंधन ने युवक को पुलिस के हवाले कर दिया. आरोपी के खिलाफ बारादरी थाने में धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेज तैयार करने समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है. दरअसल जांच के दौरान युवक ने अपना सही नाम मनोज कुमार बताया. वहीं उसके पास से मिला दूसरा आधार कार्ड आदेश कुमार के नाम से बना हुआ था. दोनों आधार कार्ड में अलग-अलग जानकारी होने पर अधिकारियों ने उससे पूछताछ शुरू की.

ये हुआ खुलासा

शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में आयु सीमा पार होने के कारण उसने दूसरा आधार कार्ड बनवाया था. पुलिस के अनुसार दूसरे आधार कार्ड में जन्मतिथि बदलकर खुद को कम उम्र का दिखाया गया था, ताकि प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने में कोई परेशानी न हो. पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी ने सिर्फ आधार कार्ड ही नहीं, बल्कि बदली हुई जन्मतिथि के आधार पर हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के प्रमाणपत्र भी तैयार करा लिए थे. बताया जा रहा है कि असली दस्तावेजों में उसकी जन्मतिथि वर्ष 1988 दर्ज थी, जबकि दूसरे आधार कार्ड में इसे बदलकर वर्ष 1996 कर दिया गया. इसी बदली हुई जानकारी के आधार पर अन्य शैक्षिक दस्तावेज तैयार कराने का भी आरोप है.

युवक अरेस्ट

आरोपी मूल रूप से फर्रुखाबाद जिले का रहने वाला है. परीक्षा केंद्र पर पहचान और दस्तावेजों का मिलान करते समय अधिकारियों को गड़बड़ी का पता चला. इसके बाद सभी दस्तावेजों की दोबारा जांच की गई, जिसमें फर्जीवाड़े की पुष्टि होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने साथ थाने ले गई. बारादरी थाना प्रभारी विजेंद्र का कहना है कि आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना और फर्जी दस्तावेज तैयार कर परीक्षा में शामिल होने के प्रयास के आरोप में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है.

जांच में जुटी पुलिस

अब पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि फर्जी आधार कार्ड और अन्य प्रमाणपत्र किसके माध्यम से तैयार कराए गए. इसके अलावा यह भी पता लगाया जाएगा कि आरोपी ने बदले हुए दस्तावेजों का इस्तेमाल पहले किसी अन्य प्रतियोगी परीक्षा या सरकारी भर्ती प्रक्रिया में किया है या नहीं. परीक्षा केंद्र पर हुई इस कार्रवाई के बाद अन्य अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच भी और अधिक सतर्कता के साथ की गई.