थाना समाधान दिवस पर बोले डीआईजी अशोक कुमार शिकायतों के निस्तारण में ढिलाई पर होगी सख्त कार्रवाई

# ## Gorakhpur Zone

थाना समाधान दिवस के अवसर पर शनिवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) देवीपाटन परिक्षेत्र अशोक कुमार ने इटियाथोक थाने पहुंचकर फरियादियों की शिकायतें सुनीं और उनके गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों से कहा कि सभी प्रार्थना पत्रों का मौके पर जाकर निष्पक्ष, पारदर्शी और संवेदनशील ढंग से शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

डीआईजी ने स्पष्ट कहा कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने शासन की मंशा के अनुरूप थाना समाधान दिवस को प्रभावी बनाने पर जोर दिया। इसके बाद डीआईजी ने थाना इटियाथोक का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना कार्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से संवाद कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की। उन्होंने थाना प्रभारी को क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और आमजन की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए।