कांग्रेस संविधान पर हमले के लिए पहले से रही है कुख्यात : डॉ. दिनेश शर्मा

Lucknow
  • आपातकाल को बताया संविधान पर सबसे बड़ा हमला

लखनऊ/कानपुर। राज्यसभा सांसद एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कांग्रेस पर संविधान का लगातार अपमान करने का आरोप लगाया। कानपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले से ही संविधान पर हमले के लिए कुख्यात रही है और आज भी उसके सहयोगी दल संविधान की भावना के विपरीत कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी संविधान के प्रति पूर्ण आस्था रखते हुए उसके अनुरूप कार्य कर रहे हैं, लेकिन विपक्ष हर सकारात्मक पहल का विरोध करता है। महिलाओं को अधिक अधिकार देने के उद्देश्य से किए गए संवैधानिक संशोधनों का विरोध इसका उदाहरण है।

  • बंगाल के नतीजों से यूपी का विपक्ष घबराया

डॉ. शर्मा ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की सफलता के बाद उत्तर प्रदेश के विपक्षी दलों में बेचैनी बढ़ गई है। उनका कहना था कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी माहौल को देखते हुए विपक्षी दल अब मंदिरों और धार्मिक स्थलों की ओर रुख कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में वोटों की राजनीति के चलते विपक्षी नेताओं को मंदिरों में पूजा-अर्चना, तिलक लगाते और घंटा-घड़ियाल बजाते देखा जा सकता है।

  • आपातकाल की याद दिलाकर कांग्रेस पर साधा निशाना

पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि 25 जून 1975 की आपातकाल की घोषणा भारतीय लोकतंत्र का सबसे काला अध्याय था। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौरान कांग्रेस सरकार ने संविधान की भावना को कुचलते हुए एक लाख से अधिक लोगों को जेल भेजा, प्रेस की स्वतंत्रता पर अंकुश लगाया और सत्ता बचाने के लिए कानून तक बदल दिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों का संघर्ष देश कभी नहीं भूल सकता।

  • ‘माफियामुक्त उत्तर प्रदेश विकास की राह पर’

डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज माफियामुक्त होकर विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। एक्सप्रेस-वे, एयरपोर्ट, मेट्रो और औद्योगिक निवेश प्रदेश की नई पहचान बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि राम मंदिर चंदा चोरी प्रकरण में सरकार दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी राजनीति के लिए सनातन पर सवाल उठाने और जातिवाद को बढ़ावा देने की साजिश की जा रही है।

  • लोकतंत्र सेनानियों का हुआ सम्मान

श्याम नगर, कानपुर स्थित परिणय गेस्ट हाउस में भारतीय जनता पार्टी के जिला उत्तर, दक्षिण एवं ग्रामीण इकाइयों द्वारा आयोजित “संविधान हत्या दिवस” संगोष्ठी में डॉ. दिनेश शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने लोकतंत्र सेनानियों को सम्मानित करते हुए आपातकाल के दौरान लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की रक्षा में उनके योगदान को नमन किया।

कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह, अनिल दीक्षित, उपेंद्र पासवान, विधायक एवं पूर्व मंत्री नीलिमा कटियार, विधान परिषद सदस्य अरुण पाठक, पूर्व विधायक रघुनंदन भदौरिया, सुरेश अवस्थी, अनीता गुप्ता, पूनम द्विवेदी, कौशल किशोर दीक्षित, शशांक मिश्रा, शिवांग मिश्रा, शैलेंद्र द्विवेदी, विनोद गुप्ता, वंश लाल कटियार, कैलाश पांडे, सतीजा, सतीश शर्मा, भूपेंद्र त्रिपाठी, रामदेव, गणेश शुक्ला, सलभ गुप्ता, अनिरुद्ध शुक्ला सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।