प्रयागराज मे खान सर की कोचिंग को किया गया सील, लखनऊ अग्निकांड के बाद PDA का एक्शन

#

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कोचिंग संस्थान में अग्निकांड के बाद से फायर विभाग की टीम ने मंगलवार को पूरे एक्शन के मूड में छापेमारी कर कई कोचिंग संस्थानो को नोटिस जारी किया है। वहीं, प्रयागराज विकास प्राधिकरण (PDA) ने मंगलवार को दोपहर में चेकिंग के दौरान खान ग्लोबल कोचिंग मे खामियां पाई जिसके बाद खान ग्लोबल कोचिंग को सीज कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, खान कोचिंग 3 मंजिला इमारत में संचालित हो रही थी। इसे अब सीज कर दिया गया है।

खान कोचिंग पर क्यों की गई कार्रवाई?

लखनऊ अग्निकांड के बाद से लगातार एक्शन मोड जारी है। सीएम योगी के निर्देश के बाद एसआईटी अपनी जांच में जुटी हुई है तो वहीं, पूरे यूपी में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। लखनऊ में हुए हादसे के बाद PDA की टीम ने जब जांच की तो पता चला कि जिस बिल्डिंग मे खान ग्लोबल सेन्टर चलाया जा रहा है उसका कमर्शियल नक्शा पास नहीं हैं। इस वजह से PDA की टीम ने कोचिंग को सील कर दिया। इसी तरह PDA ने कई अन्य कोचिंग संस्थानों को चिन्हित किया हैं जो मानक के विपरित बिल्डिंग मे कोचिंग संचालन कर रहें हैं।

PDA के जोनल ऑफिसर गंगेश कुमार ने बताया है कि इस हादसे से पहले भी तीन कोचिंग सील की गई थी। प्राधिकरण की ओर से जानकारी दी गई है कि अगर सील खोल कर कोई बिल्डिंग इस्तेमाल करेगा तो FIR भी दर्ज की जायेगी।