हापुड़: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां थाना हापुड़ देहात क्षेत्र में एक ढाई वर्षीय मासूम बच्चे के साथ बर्बरता की सारी हदें पार कर दी गईं। घटना उस वक्त की है जब बच्चे के माता-पिता काम के सिलसिले में घर से बाहर गए हुए थे और बच्चा अकेला था। इसी का फायदा उठाकर बच्चे का सगा मौसा नदीम उसे टॉफी दिलाने के बहाने अपने साथ ले गया और सुनसान जगह पर ले जाकर इस अमानवीय कृत्य को अंजाम दिया।
क्या है पूरा मामला?
पीड़ित के अनुसार , पीड़ित बच्चे की उम्र करीब 2.5 वर्ष है। 18 जून 2026 की दोपहर करीब 12 बजे आरोपी मौसा नदीम उनके घर पहुंचा और वह मासूम को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। मासूम बच्चे को गोदी में ले जाते हुए आरोपी का एक CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी मासूम बच्चे को गोदी में ले जाते हुए नजर आ रहा है। आरोपी मौसा ने बच्चे के साथ गाली-गलौज करते हुए बेरहमी से मारपीट की और जलती हुई बीड़ी से मासूम के होंठ व चेहरे को बुरी तरह दाग दिया।
मासूम ने रोते हुए माता-पिता को बताई सच्चाई
शाम को जब माता-पिता काम से वापस लौटे तो बच्चे की हालत देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। डरे-सहमे मासूम ने रोते हुए अपने माता-पिता को मौसा नदीम की इस हैवानियत के बारे में बताया। आरोपी नदीम ने बच्चे को यह धमकी भी दी थी कि यदि उसने किसी को भी उसका नाम बताया तो वह उसे जान से मार डालेगा। घटना के बाद का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी नदीम मासूम बच्चे को एक ई-रिक्शा में बैठाकर ले जाते हुए साफ तौर पर दिखाई दे रहा है।
इस खौफनाक वारदात के बाद पीड़ित परिजनों ने स्थानीय पुलिस से न्याय की गुहार लगाते हुए लिखित सूचना दी। थाना हापुड़ देहात पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मौसा नदीम के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी नदीम की तलाश में टीमें लगा दी गई हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
