गंगागंज के मिनी स्टेडियम में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर विशाल योग शिविर, हजारों लोगों ने किया योगाभ्यास

Lucknow
  • गंगागंज के मिनी स्टेडियम में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर विशाल योग शिविर, हजारों लोगों ने किया योगाभ्यास

लखनऊ। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पतंजलि योग समिति गंगागंज द्वारा मिनी स्टेडियम गंगागंज में विशाल योग शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों योग साधकों, विद्यार्थियों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में प्रमुख सचिव विधानसभा प्रदीप दुबे, एमएलसी इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह तथा एमएलसी अंगद सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के स्वामी अभिषेक देव और आचार्य लोकेंद्र के प्रेरक उद्बोधन एवं भजन प्रस्तुति के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।

पद्मश्री सम्मानित प्रगतिशील किसान रामसरन वर्मा का स्वागत समिति अध्यक्ष नागेश कुमार वर्मा ने किया। योग प्रशिक्षक ओंकार नाथ सिंह ने योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराते हुए उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने अनुशासित ढंग से योगाभ्यास में भाग लिया तथा समिति द्वारा छात्र-छात्राओं को आवश्यक सामग्री भी वितरित की गई। कार्यक्रम में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर और 11 यज्ञ कुंडों में पर्यावरण शुद्धि हवन का भी आयोजन हुआ।

एमएलसी अवनीश कुमार सिंह और अंगद सिंह ने सफल आयोजन के लिए नागेश कुमार वर्मा एवं उनकी टीम की सराहना की। ब्लॉक प्रमुख विनय वर्मा, उदयराज वर्मा, रीना त्रिपाठी, पंकज नयन सहित अनेक गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में योग को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।