अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर लोहिया पार्क में योगाभ्यास, एमएलसी मुकेश शर्मा ने दिया स्वस्थ जीवन का संदेश

Lucknow
  • अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर लोहिया पार्क में योगाभ्यास, एमएलसी मुकेश शर्मा ने दिया स्वस्थ जीवन का संदेश

लखनऊ। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयुष मंत्रालय उत्तर प्रदेश द्वारा गोमतीनगर स्थित लोहिया पार्क में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सदस्य विधान परिषद मुकेश शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया। इस दौरान पूर्व मंडल-1 में आयोजित संगठनात्मक कार्यक्रम में भी उन्होंने सहभागिता करते हुए योग को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

मुकेश शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और सशक्त राष्ट्र के निर्माण का आधार है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को मानसिक तनाव से मुक्ति दिलाने के साथ जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आज योग एक वैश्विक जनआंदोलन बन चुका है और विश्व के अनेक देश भारतीय संस्कृति की इस अमूल्य धरोहर को अपनाकर लाभान्वित हो रहे हैं।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस केवल एक आयोजन तक सीमित न रहे, बल्कि योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जाए। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों, योग प्रशिक्षकों, विभागीय अधिकारियों और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। योगाभ्यास के माध्यम से स्वस्थ, निरोग और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प भी लिया गया।