अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर लोकबंधु अस्पताल में सामूहिक योगाभ्यास, स्वास्थ्य कर्मियों ने लिया निरोग रहने का संकल्प

Lucknow
  • अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर लोकबंधु अस्पताल में सामूहिक योगाभ्यास, स्वास्थ्य कर्मियों ने लिया निरोग रहने का संकल्प

लखनऊ। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर लोकबंधु राजनारायण संयुक्त चिकित्सालय, बाराबिरवा में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अस्पताल के चिकित्सकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योग के विभिन्न आसनों और प्राणायाम का अभ्यास किया। अस्पताल के निदेशक राजीव दीक्षित के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्वास्थ्य कर्मियों एवं आमजन को योग के प्रति जागरूक करना था। इस अवसर पर निदेशक राजीव दीक्षित ने कहा कि योग स्वस्थ जीवन का आधार है और नियमित योगाभ्यास से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है।

गायनिक विशेषज्ञ डॉ. कंचन मिश्रा, चिकित्सा अधीक्षक (एम.एस.) डॉ. विनय वर्मा तथा अस्पताल प्रबंधक धनंजय कुमार ने भी योगाभ्यास में सहभागिता की। वक्ताओं ने कहा कि योग तनावमुक्त जीवन, कार्यक्षमता में वृद्धि और रोगों से बचाव का प्रभावी माध्यम है। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया। अस्पताल परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम ने स्वास्थ्य और जागरूकता का सकारात्मक संदेश दिया।