डॉ. राजेश्वर सिंह की प्रेरणा से तारा शक्ति रसोई बनी जनकल्याण और सेवा का मॉडल

Lucknow
  • तारा शक्ति निःशुल्क रसोई बनी हजारों जरूरतमंदों का सहारा, प्रतिदिन 4000 लोगों तक पहुंच रहा भोजन

लखनऊ। सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह की पहल पर संचालित तारा शक्ति निःशुल्क रसोई आज जनसेवा और सामाजिक सरोकार का एक सशक्त मॉडल बनकर उभरी है। जुलाई 2023 में शुरू हुई यह पहल प्रतिदिन लगभग 4000 जरूरतमंदों तक ताजा और पौष्टिक भोजन पहुंचाकर हजारों लोगों के जीवन में आशा और विश्वास का संचार कर रही है।

  • भूखमुक्त समाज के संकल्प के साथ शुरू हुआ अभियान

तारा शक्ति निःशुल्क रसोई का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी निराश्रित, असहाय, राहगीर या जरूरतमंद व्यक्ति भूखा न रहे। यह केवल भोजन वितरण की व्यवस्था नहीं, बल्कि सेवा, करुणा और सामाजिक उत्तरदायित्व का ऐसा अभियान है जो समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने का कार्य कर रहा है।

  • मां तारा सिंह की प्रेरणा से जनसेवा का विस्तार

डॉ. राजेश्वर सिंह ने बताया कि यह अभियान पूज्य मां तारा सिंह की प्रेरणा और सेवा भाव से संचालित हो रहा है। उनके संस्कारों और मानवीय मूल्यों ने इस रसोई को जरूरतमंदों के लिए सम्मान और सहारे का केंद्र बनाया है। उन्होंने कहा कि वास्तविक विकास वही है जिसमें समाज के कमजोर वर्गों की मूल आवश्यकताओं का ध्यान रखा जाए।

  • श्रमिकों, मरीजों के परिजनों और बुजुर्गों तक पहुंच रही मदद

रसोई के माध्यम से निराश्रित नागरिकों, दिहाड़ी श्रमिकों, अस्पतालों में भर्ती मरीजों के परिजनों, प्रवासी श्रमिकों, राहगीरों तथा आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को नियमित रूप से भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे न केवल उनकी भूख मिट रही है, बल्कि उनमें सुरक्षा और आत्मसम्मान की भावना भी मजबूत हो रही है।

  • प्रमुख केंद्रों पर नियमित भोजन वितरण

तारा शक्ति निःशुल्क रसोई के तहत विधायक कार्यालय (पराग चौराहा, आशियाना), लोकबंधु चिकित्सालय और बाराबिरवा चौराहा सहित कई प्रमुख केंद्रों पर प्रतिदिन भोजन वितरित किया जा रहा है। समर्पित स्वयंसेवकों और सहयोगियों की टीम भोजन की तैयारी से लेकर वितरण तक की पूरी व्यवस्था संभालती है।

  • सेवा भावना से मजबूत हुआ जनकल्याण का अभियान

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि तारा शक्ति निःशुल्क रसोई अब केवल भोजन वितरण केंद्र नहीं, बल्कि आशा, विश्वास और आत्मसम्मान का प्रतीक बन चुकी है। उन्होंने कहा कि जब तक समाज में कोई व्यक्ति भूखा है, तब तक यह सेवा अभियान निरंतर जारी रहेगा।

  • सहयोगियों के योगदान को सराहा

डॉ. सिंह ने टीम राजेश्वर, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ-साथ सुधा कला, रीना उपाध्याय, अभिषेक, प्रदीप मिश्रा और दुर्गेश सिंह के योगदान की सराहना की। उन्होंने प्रगति प्रयास फाउंडेशन एवं मां पीताम्बरा ट्रस्ट के सहयोग के लिए भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के संयुक्त प्रयासों से यह अभियान निरंतर विस्तार पा रहा है और जरूरतमंदों के लिए जीवनरेखा साबित हो रहा है।