गाजियाबाद: तनिष्क शोरूम में 3.16 करोड़ की चोरी पर बड़ा खुलासा

# ## Meerut Zone UP

गाजियाबाद के तनिष्क ज्वेलरी शोरूम से कुछ दिनों पहले करोड़ों रुपए के आभूषण चोरी होने का मामला सामने आया था। इसके बाद कविनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी थी। अब इस मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने महज 4 दिनों के अंदर इस केस का पर्दाफाश कर दिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस पूरी चोरी का मास्टरमाइंड कोई बाहरी अपराधी नहीं, बल्कि शोरूम का ही एक कर्मचारी नितिन वर्मा है। नितिन ने अपने महंगे शौक और ऐशो-आराम की जिंदगी जीने के लिए अपने ही दफ्तर को लूटने की साजिश रची थी। इस साजिश में उसने अपने पिता, एक महिला मित्र और कुछ अन्य दोस्तों को भी शामिल किया था।

पुलिस की पूछताछ में इस चोरी को अंजाम देने के लिए आरोपी ने अपने प्लान का खुलासा किया। 11 जून की शाम को नितिन वर्मा ने शोरूम के पूरे स्टाफ को एक पार्टी दी। उसने सबको बताया कि उसकी शादी तय हो गई है और वह इसी खुशी में पार्टी दे रहा है। इस पार्टी के दौरान नितिन का असली निशाना शोरूम का कैशियर गौतम राज था, जिसके पास लॉकर और मुख्य दरवाजे की चाबियां रहती थीं। नितिन ने गौतम को जानबूझकर बहुत ज्यादा शराब पिलाई। जब गौतम होश खो बैठा, तो नितिन उसे घर छोड़ने के बहाने ले गया और रास्ते में धोखे से उसके बैग से शोरूम की चाबियां निकाल ली।

आरोपी ने सुबह के वक्त की चोरी

चाबियां हाथ लगते ही नितिन ने अगली सुबह चोरी को अंजाम दे दिया। 12 जून की सुबह करीब 7:15 बजे, जब शोरूम के आसपास चहल-पहल कम थी, नितिन अपने एक साथी के साथ वहां पहुंचा। उसने बड़ी आसानी से शो रूम का ताला खोला, अंदर रखे कीमती सोने के आभूषण समेटकर वहां से फरार हो गया। शोरूम खुलने पर जब चोरी का पता चला, तो आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। शोरूम के अधिकारी रोहित अरोड़ा की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज किया और जांच के लिए 5 स्पेशल टीमों का गठन किया।