चेन लूटने आए स्नेचर को साहसी महिला ने चटाई धूल, बाइक और हेलमेट छोड़ भागा..

# ## UP

महिला के साहस के आगे एक स्नेचर को खुद की जान बचाना मुश्किल पड़ गया। चेन स्नेचिंग की कोशिश करते ही महिला ने पलटवार किया। स्नेचर को बाइक समेत सड़क पर गिरा दिया और उसका हेलमेट उतारकर नाली में फेंक दिया। कुछ देर तक उससे महिला भिड़ती रही। हालांकि आरोपी किसी तरह भाग निकला। उसकी बाइक और हेलमेट मौके पर छूट गया। चेन बचाने में महिला कामयाब रही लेकिन उसका पेंडल आरोपी ले गया। पुलिस मौका मुआयना कर आरोपी का पता लगाने में जुट गई है। वहीं, महिला की साहस की हर कोई सराहना करता दिखा।

घटना शहर की एकता नगर कॉलोनी की है। कॉलोनी के भूपेंद्र सिंह की पत्नी अविनाश कौर की चूड़ी वाली गली में कपड़ों की दुकान हैं। रोज की तरह वह शाम करीब साढ़े चार बजे दुकान बंद कर घर लौट थीं। एकता नगर कॉलोनी की गली नंबर-एक में पहुंचते ही पीछे से एक बाइक तेजी से करीब आकर रुकी। इससे पहले कि अविनाश कौर कुछ समझ पातीं, बाइक सवार स्नेचर ने गले पर झपट्टा मार दिया और चेन खींचने लगा। मगर, कुछ सेकेंड में पूरी कहानी बदल गई। महिला ने घबराने के बजाय स्नेचर को पकड़ लिया। बाइक आगे बढ़ाकर भागने की कोशिश तो की, मगर महिला ने उसे खींचकर नीचे गिरा दिया। सड़क पर दोनों के बीच छीना-झपटी शुरू हो गई। इसी बीच महिला ने उसका हेलमेट उतारकर नाली में फेंक दिया। महिला लगातार मुकाबला करती रहीं और लुटेरा खुद को छुड़ाकर भाग निकला। हालांकि उसकी बिना नंबर की बाइक और हेलमेट मौके पर छूट गया। महिला की चेन बच गई लेकिन उसका पांच ग्राम का पेंडल आरोपी ले गया। इसकी सूचना मिलने पर कोतवाल प्रमेंद्र कुमार, ठेका चौकी इंचार्ज मनवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जानकारी की। पुलिस बरामद बाइक व आसपास लगे सीसीटीवी कीमदद से आरोपी का पता लगाने में जुटी है। कोतवाल ने बताया कि आरोपी के बारे में पता लगाने को टीम लगी है।