आगरा में 4 पुलिसकर्मियों के खिलाफ केस दर्ज, हिरासत में महिला की पिटाई का आरोप

# ## Agra Zone

आगर। उत्तर प्रदेश के आगरा के सिकंदरा थाने में हिरासत के दौरान एक महिला की कथित तौर पर पिटाई करने के मामले में चार पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। शिकायतकर्ता सीमा सिकरवार ने अदालत में दायर याचिका में आरोप लगाया कि चार जून को एक पुराने मामले में गिरफ्तारी के बाद सिकंदरा थाने में हिरासत के दौरान उन्हें पीटा गया।

सीमा के वकील डॉ. अजीत सिंह के अनुसार, उनकी मुवक्किल को पांच जून को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) की अदालत में पेश किया गया था, जहां उन्होंने पुलिसकर्मियों पर पिटाई करने का आरोप लगाया। शिकायत के बाद अदालत के निर्देश पर कराई गई चिकित्सकीय जांच में चोट के निशान पाए गए। अदालत ने छह जून को उपनिरीक्षक नीलेश शर्मा, उपनिरीक्षक सुरजीत सिंह, महिला उपनिरीक्षक नेहा और महिला आरक्षी सीमा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया था।

पुलिस ने आदेश को चुनौती देते हुए सत्र न्यायालय में याचिका दायर की लेकिन 11 जून को अदालत ने उसे खारिज कर दिया। बृहस्पतिवार देर रात चारों पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) मनीषा ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया, ”यह गंभीर मामला है और इसकी विभागीय जांच भी की जा रही है। जांच के निष्कर्षों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।”