- डॉ. दिनेश शर्मा ने विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं को किया सम्मानित
लखनऊ। गोमती नगर स्थित बौद्ध शोध संस्थान में एवार्ड काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद Dinesh Sharma ने समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले महानुभावों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में शिक्षा, साहित्य, व्यापार, चिकित्सा, कला, प्रशासन और सामाजिक सेवा से जुड़े दो दर्जन से अधिक व्यक्तित्वों को सम्मान प्रदान किया गया।
अपने संबोधन में डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश, विशेष रूप से लखनऊ, तेजी से विकास और प्रगति की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इस परिवर्तन में प्रदेश के बुद्धिजीवियों, साहित्यकारों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, व्यापारी वर्ग और सरकारी कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश डिफेंस कॉरिडोर, मेट्रो, हाईवे और एक्सप्रेसवे जैसी आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हो चुका है। साथ ही सूचना प्रौद्योगिकी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में भी तेजी से विकास हो रहा है तथा लखनऊ को एआई सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि संगीत, साहित्य और कला की पहचान रखने वाला लखनऊ अब ब्रह्मोस मिसाइल निर्माण जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्यों से भी जुड़ चुका है। यहां के वैज्ञानिक, शैक्षणिक और प्रबंधन संस्थानों ने देशभर में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है। ऐसे में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित करना स्वयं में गौरव का विषय है।
समारोह में प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त अपर्णा एम. अग्रवाल, नटवर गोयल, सुधाकर त्रिपाठी, संदीप बंसल, नानक चंद लखमानी, नीरजा मसीह, वासुदेव चावला, डॉ. सर्वेश अस्थाना, विनोद रात्रा, डॉ. विक्रम आहूजा, पी.के. श्रीवास्तव, राखी पोद्दार, सुभाष गोयल, डॉ. नफीस अहमद सिद्दीकी, हरि किशोर तिवारी, अर्थव आर्य, तपेंद्र दत्ता और सतीश अग्रवाल सहित अनेक विशिष्ट जनों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर समाजसेवी मुकेश श्रीवास्तव तथा कार्यक्रम संयोजक सुभाष भल्ला सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
