बिहार की राजधानी पटना के मालसलामी थाना क्षेत्र के बुंदेल टोला में 20 मई को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहां एक 22 वर्षीय युवक राजा कुमार का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी गई। मामले में चौंकाने वाली बात यह रही कि मृतक के ही दो नजदीकी रिश्तेदार श्रवण कुमार और एक निरुद्ध बालक ने इस पूरे घटनाक्रम को अंजाम दिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना के पीछे प्रेम प्रसंग का विवाद मुख्य कारण था।
धोखे से बुलाया, फिर ट्रक से मरवा दी टक्कर
सूत्रों के अनुसार, घटना वाले दिन राजा कुमार को उसके रिश्तेदारों ने धोखे से अपने साथ बुलाया। दोनों आरोपी उसे एक ई-रिक्शा से ले गए और रास्ते में एक खाली जगह पर ले जाकर खड़ी ट्रक से जोरदार टक्कर मारवा दी। ट्रक की टक्कर लगने से मौके पर ही राजा कुमार की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी शव को छुपाने की नियत से हाजीपुर के विद्दूपुर इलाके के 6-लेन के पास ले जाकर फेंककर फरार हो गए।
इधर, शव मिलने के बाद रुस्तमपुर ओपी की पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। शव की पहचान नहीं हो पाने के कारण पुलिस ने उसे 72 घंटे तक पहचान के लिए अस्पताल में सुरक्षित रखा। निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद भी कोई दावा न करने पर नियमों के तहत शव को डिस्ट्रॉय कर दिया गया।
प्रेम प्रसंग बना हत्या का कारण, दोनों आरोपी गिरफ्तार
बाद में पुलिस जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर शव की पहचान राजा कुमार के रूप में की गई। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए 25 मई को एक युवक और एक निरुद्ध बालक को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में दोनों ने अपराध कबूल किया है। पुलिस का कहना है कि मृतक और आरोपी आपस में ममेरे-फुफेरे रिश्तेदार हैं और इनके बीच प्रेम प्रसंग को लेकर लंबे समय से तनाव चल रहा था। इसी विवाद के चलते आरोपियों ने साजिश रचकर राजा कुमार की हत्या कर दी। मालसलामी और रुस्तमपुर पुलिस मिलकर घटना की आगे की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि कहीं इस वारदात में और लोग शामिल तो नहीं थे।
