दिल्ली के फर्नीचर मार्केट में बीती देर रात भीषण आग लग गई। ये आग शास्त्री पार्क इलाके के फर्नीचर मार्केट में लगी। ये आग बुझाने के लिए दमकल की गाड़ियों के देर से पहुंचने पर स्थानीय लोगों और दुकानदारों का गुस्सा भड़क गया। लोगों ने हंगामा करते हुए दमकल की गाड़ी पर पथराव कर दिया। कई लोग पथराव ना करने की अपील करते भी दिखे लेकिन गुस्साए लोग मानने को तैयार ही नहीं थे।
मार्केट फर्नीचर का होने के कारण तेजी से फैली आग
बता दें कि फर्नीचर मार्केट में आग देर रात करीब 11 बजे लगी और आग लगते ही मार्केट में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी-अपनी दुकान को बचाने में जुट गए। लेकिन दुकानों में लकड़ी और प्लाईवुड जैसी चीजें रखी होने की वजह से आग बहुत तेजी से फैली और देखते ही देखते पूरे मार्केट में आग लग गई।
दमकल विभाग पर देर से पहुंचने का आरोप
इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को तुरंत दी गई, लेकिन जब तक दमकल की गाड़ी पहुंचती, तब तक लोग अपने-अपने तरीके से आग बुझाने में जुटे रहे। लेकिन आग रुकने का नाम ही नहीं ले रही थी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद दमकल की गाड़ियां काफी लेट से पहुंची, जिससे दुकानदारों का काफी नुकसान हो गया।
अग्निकांड में 250-300 दुकानें जलने की आशंका
जानकारी के मुताबिक, इस आग में 250 से 300 दुकानों के जलने की आशंका है। हालांकि, गनीमत ये रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। किसी की जान का नुकसान नहीं हुआ।
नोएडा में एसी फटने से फ्लैट में लगी आग
बीती रात नोएडा की Lotus Boulevard Society में भी अग्निकांड हुआ। यहां एसी फटने से 27वें फ्लोर के एक फ्लैट में आग लग गई। इस आग लगने की घटना में अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
